Rajasthan Rain : राजस्थान में तेज बारिश, मकान ढहने से छह लोग दबे, मौसी के घर आए भाई-बहन की मौत
जयपुर, 25 जुलाई। राजस्थान में सावन के बदरा झूमकर बरस रहे हैं। बीते 25 दिन में जोरदार बारिश हुई है। प्रदेश के 40 से ज्यादा छोट-बड़े बांधों में पानी की अच्छी आवक हुई है। बारिश से जुड़े हादसे भी खूब हो रहे हैं। अलवर जिले में सोमवार को मकान ढहने से छह लोग दब गए। इनमें से भाई बहन की मौत हो गई।

बता दें कि अलवर जिले के थानागाजी के हरनेर भांगडोली गांव में मिस्त्री संतोष कुमार का मकान सोमवार सुबह 10 बजे ढह गया, जिसके नीचे परिवार के 6 लोग दब गए। हादसे में भाई-बहन की मौत हो गई और 2 महिलाओं समेत 4 गंभीर घायल हो गए। मरने वाले भाई-बहन जयपुर जिले के कोटपूतली के प्रागपुरा के रहने वाले थे। वे अपनी मौसी के
घर आए हुए थे।
मीडिया से बातचीत में आस-पास के लोगों ने बताया कि सुबह 10 बजे के आसपास बारिश हो रही थी। मिस्त्री संतोष के घर पर पहाड़ी की तलहटी में एक मकान बना हुआ था, जो अधूरा था। वह भरभराकर गिर गया और दो भाई बहन की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई। अलवर में मकान गिरने के बाद SP तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंची। उन्होंने लोगों से घटनाक्रम की जानकारी ली।
इधर, राजस्थान के शेष इलाकों में भी बारिश का दौर लगातार जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान तीन जिलों टोंक, सवाई माधोपुर, अजमेर में तेज बारिश हुई। सबसे ज्यादा अजमेर जिले में 85.3 MM बारिश रिकॉर्ड हुई। यहां अजमेर शहर के अलावा पुष्कर, विजयनगर, केकड़ी, नसीराबाद, ब्यावर में भी बरसात हुई। उधर, उदयपुर, सिरोही, प्रतापगढ़, पाली समेत 10 जिलों में भी बारिश हुई।
पाली में बरसात से जवाई बांध का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में बांध में 0.65 फीट पानी आया, जिससे जलस्तर बढ़कर 18.80 फीट पहुंच गया है। इस साल मानसून के शुरुआत में 30 जून तक डैम सूखा पड़ा था। ऐसे में पाली जिले के लिए अगले साल फरवरी-मार्च तक पीने के पानी की किल्लत दूर हो गई।
मौसम विभाग जयपुर की मानें तो सोमवार को दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के बूंदी, कोटा, बारां, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और भीलवाड़ा जिलों में कहीं-कहीं भारी और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना जताई है, जबकि 26 जुलाई को अजमेर, भीलवाड़ा, बूंदी, टोंक, राजसमंद, सिरोही, उदयपुर, पाली, जोधपुर में, 27 जुलाई को अलवर, झुंझुनूं, सीकर और 28 जुलाई को पूर्वी राजस्थान के सीकर, झुंझुनूं, करौली, जयपुर, धौलपुर, भरतपुर और अलवर जिले में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना जताई है।












Click it and Unblock the Notifications