Weather : फिर पलटा राजस्थान का मौसम, 10 जिलों में ओलावृष्टि , रामगढ़ शेखावटी में 20 MM बारिश
जयपुर। राजस्थान में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज पलटा हुआ है। दो दिन बाद शनिवार को एक बार ओले-बारिश का दौर चला है। प्रदेश के दस जिलों से ओलावृष्टि के समाचार हैं। वहीं, आगामी 72 घंटे को लेकर भी मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर रखा है। जानकारी के अनुसार शनिवार को उदयपुर, नागौर और अजमेर शनिवार को ओले गिरे हैं जबकि झुंझुनूं, बाड़मेर, सीकर, राजसमंद, चित्तौडढ़गढ़, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा जिले में बारिश हुई है।

अजमेर और नागौर में दोपहर बाद तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। नागौर के कुछ क्षेत्रों में तेज धूलभरी हवा देर बाद बरसात हुई और जमकर ओले गिरे। खेतों व मकानों की छतों पर ओलों की चादर बिछ गई। पादूकला में तेज हवा के साथ टिन टप्पर उड़ गए व बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। पिछले 24 घंटों में राज्य के काफी स्थानों पर बारिश दर्ज की गयी है। सर्वाधिक बारिश रामगढ़ शेखावटी में 20 मिमी दर्ज हुई है।
छतों पर लगा ओलों का ढेर
जानकारी के अनुसार उदयपुर में में कई जगहों पर ओले भी गिरे। जिले के मावली, धरियावद, गींगला, मेवल, सिंदू, लूणदा, वल्लभनगर, भटेवर, गोटिपा, पुरियाखेड़ी, तारावट, मोरजाई, धमाणिया आदि क्षेत्रों में तेज रफ्तार के हवा के साथ बारिश हुई व कई जगहों पर ओले गिरे। इनके अलावा मांडल, पालड़ी, गोठड़ा, छाबा की ढाणी में चारों तरफ खेत खलिहानों व रास्तों, मकान की छतों पर ओलों का ढेर लग गया। अजमेर शहर सहित जिले के कई इलाकों में अंधड़ संग बारिश और ओलावृष्टि हुई। बरसात और ओलावृष्टि के चलते अजमेर, किशनगढ़, ब्यावर, पीसांगन, मांगलियावास, गगवाना, घूघरा और आसपास के इलाकों में हल्की ठंडक रही।
शेखावाटी में बीती रात से कई स्थानों पर बारिश का दौर चला। सीकर में सुबह से बादल छाए रहे। रुक-रुक कर हल्की फुहारों के कई दौर चला। राजसमंद के नाथद्वारा, कुंभलगढ़ आदि क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। प्रतापगढ़ में शाम को अचानक मौसम बदला। जिला मुख्यालय के सहित कई जगहों पर तेज बारिश हुई। बालोतरा उपखण्ड में तेज हवाओं के साथ बरसात हुई। ग्रामीण क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे।












Click it and Unblock the Notifications