गोविंद सिंह डोटासरा : राजस्थान कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष का वकालत से सियासत तक का सफर
कौन हैं गोविंद सिंह डोटासरा जो सचिन पायलट को हटाकर बनाए गए राजस्थान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष
जयपुर। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार पर आए सियासी संकट के बीच 14 जुलाई 2020 को सबसे बड़ा घटनाक्रम हुआ है। सचिन पायलट को राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष के पद से हटा दिया है। सचिन पायलट की जगह शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को नया प्रदेशाध्यक्ष बनाया गया है। सचिन पायलट के लिए कांग्रेस के दरवाजे बंद होने के साथ ही उनके समर्थक मंत्री विश्वेंद्र सिंह और रमेश मीणा से भी मंत्री पद छीन लिया गया है। इनको तीन दिन मनाने की तमाम कोशिशें फेल होने के बाद आखिरकार पार्टी ने एक्शन लिया है।
आइए जानते हैं कि कौन हैं गोविंद सिंह डोटासरा, जिन्हें सचिन पायलट की जगह राजस्थान पीसीसी चीफ बनाया गया है। (Govind Singh Dotasara Biography in Hindi)
Recommended Video

सीकर में लक्ष्मणगढ़ के रहने वाले हैं डोटासरा
बता दें कि गोविंद सिंह डोटासरा राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ से विधायक हैं। 1 अक्टूबर 1964 को लक्ष्मणगढ़ के कृपाराम जी की ढाणी के मोहन सिंह डोटासरा के घर में गोविंद सिंह डोटासरा का जन्म हुआ। मोहन सिंह डोटासरा सरकारी शिक्षक थे। गोविंद सिंह डोटासरा ने राजस्थान विश्वविद्यालय से बीकॉम और एलएलबी की डिग्री हासिल की। 4 मार्च 1984 को सुनीता देवी से शादी की। इनके दो बेटे हैं। पत्नी सुनीता देवी सरकारी अध्यापिका है।

गोविंद सिंह डोटासरा सीकर में करते थे वकालत
14 जुलाई 2020 को राजस्थान कांग्रेस के नए प्रदेशाध्यक्ष बनने वाले गोविंद सिंह डोटासरा ने वकालत से सियासत तक का सफर तय किया है। राजस्थान विश्वविद्यालय से पढ़ाई पूरी करने के बाद गोविंद सिंह डोटासरा ने सीकर कोर्ट में वकालत शुरू की और करीब 20 साल तक की। वकालत के साथ डोटासरा ने कांग्रेस में संगठन में काम करना शुरू किया। वे युवक कांग्रेस में विभिन्न पदों पर रहे। वर्तमान में राजस्थान के शिक्षामंत्री हैं। अशोक गहलोत के बेहद करीबी माने जाते हैं।

गोविंद सिंह डोटासरा सीकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष भी रहे
बता दें कि गोविंद सिंह डोटासरा राजस्थान कांग्रेस पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी नारायण सिंह को अपना राजनीतिक गुरु मानते हैं। डोटासरा ने वर्ष 2005 में उन्होंने कांग्रेस की टिकट पर लक्ष्मणगढ़ से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव लड़ा। इस चुनाव में गोविंद सिंह विजय हुए और लक्ष्मणगढ़ पंचायत समिति के प्रधान भी चुने गए। इसके बाद तो डोटासरा का राजनीतिक जीवन लगातार बुलंदियों पर जाने लगा। डोटासरा लगातार सात साल तक सीकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रहे। गोविंद सिंह डोटासरा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव और राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 में मीडिया समिति के अध्यक्ष भी रहे।

लक्ष्मणगढ़ से तीसरी बार विधायक हैं गोविंद सिंह डोटासरा
राजस्थान के दिग्गज जाट नेता गोविंद सिंह डोटासरा वर्तमान में सीकर जिला मुख्यालय के नवलगढ़ रोड इलाके में रहते हैं। ये लक्ष्मणगढ़ से तीन बार विधायक बन चुके हैं। वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में डोटासरा को पहली बार कांग्रेस ने टिकट दिया था। तब इन्होंने दिनेश जोशी को हराया था। फिर 2013 में सुभाष महरिया और 2018 में दिनेश जोशी को हराकर विधायक बने।
राजस्थान की राजनीति से जुूड़ी अन्य खबरें












Click it and Unblock the Notifications