Rajasthan में गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने फिर दिया विवादित बयान, जानिए क्या बोले गुढ़ा
Rajasthan में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत प्रदेश में लगातार कांग्रेस सरकार रिपीट होने के दावे कर रहे हैं। वहीं सचिन पायलट समर्थक नेता अपनी ही सरकार और सीएम गहलोत को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने एक बार फिर विवादित बयान देकर सीएम गहलोत पर हमला बोला है। गुढ़ा ने कहा कि मैं यह कहता हूँ। अगर सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बना दिया जाता है। वैसे तो काफी लेट हो गए। लेकिन अभी भी अगर राजस्थान में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बना दिया जाता है तो राजस्थान में सरकार रिपीट हो सकती है और अगर नहीं बनाएंगे तो कोई बात नहीं। एक फॉर्च्यूनर में कांग्रेस के सभी एमएलए आ जाएंगे और चार धाम की यात्रा करेंगे।

बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए थे राजेंद्र गुढ़ा
गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा बसपा से कांग्रेस में शामिल हुए थे। सीएम अशोक गहलोत के करीबी माने जाने वाले राजेंद्र गुढ़ा के इन दिनों सुर बदले हुए हैं। अब राजेंद्र गुढ़ा सचिन पायलट के नजदीकी माने जाते हैं और उनकी तारीफ करते नहीं थकते हैं।आपको बता दें राजेंद्र गुढ़ा सहित बसपा के 6 विधायक कांग्रेस में शामिल हुए थे। इन विधायकों ने सचिन पायलट की बगावत के बाद गहलोत सरकार को बचाने में अहम भूमिका अदा की थी। लेकिन अब राजेंद्र गुढ़ा सीएम गहलोत को घेरने में कोई कसर नहीं छोड़ते हैं।

सीएम गहलोत के खिलाफ लगातार हमले बोल रहे हैं राजेंद्र गुढ़ा
गहलोत सरकार के मंत्री राजेंद्र गुढ़ा अपनी ही सरकार और सीएम गहलोत के खिलाफ लगातार बयान देते रहते हैं। हालांकि गुढ़ा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का सीधे तौर पर नाम नहीं लेते। लेकिन उनके निशाने पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ही होते हैं। इससे पहले भी गुढ़ा ने सत्ता के विकेंद्रीकरण को लेकर आवाज उठाई थी। उन्होंने कहा था कि मंत्री हो या विधायक एक कांस्टेबल का तबादला कराने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं।













Click it and Unblock the Notifications