Rajasthan की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को गुजरात सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर मिली जगह, जानिए वजह
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर जगह देकर पार्टी ने एक बार फिर राजे को तरजीह दी है। भाजपा ने वसुंधरा को गुजरात चुनाव से दूर रखा था।

Rajasthan की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को गुजरात चुनाव से दूर रखा गया। पार्टी ने उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री होने के नाते स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल नहीं किया। लेकिन गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में वसुंधरा राजे को मंच पर जगह देकर पार्टी ने एक बार फिर वसुंधरा को तरजीह दी है। वसुंधरा राजे को मंच पर भाजपा और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठाया गया है। राज्य ने शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी मुलाकात की है।

राजस्थान से वसुंधरा राजे और सतीश पूनिया सहित कई नेता हुए शामिल
राजस्थान से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, अलका गुर्जर, सुशील कटारा सहित कई नेता गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी से आठवां सवाल पूछा। पूनिया ने कहा कि राजस्थान की जनता को सस्ती और पूरी बिजली कब देंगे। किसानों के लंबित ढाई लाख कनेक्शन कब पूरा करेंगे। प्रदेश में अभी भी ढाई लाख किसान कृषि कनेक्शनों का इंतजार कर रहे हैं।

वसुंधरा को रखा गया गुजरात चुनाव प्रचार से दूर
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को गुजरात चुनाव में पार्टी ने प्रचार के लिए नहीं भेजा था। जबकि राजस्थान से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सहित 108 नेताओं को गुजरात में चुनाव के प्रचार प्रसार की जिम्मेदारी दी गई थी। राजस्थान के कई नेताओं को गुजरात के राजस्थान से जुड़े जिलों में प्रभारी लगाया गया था। प्रवासी राजस्थानियों को लुभाने के लिए पार्टी ने राजस्थान के नेताओं को गुजरात भेजा था। वसुंधरा राजे को स्टार प्रचारकों की सूची में भी शामिल नहीं किया था। जबकि पिछले चुनाव में वसुंधरा राजे गुजरात में पार्टी की स्टार प्रचारक थी।

राजस्थान में सीएम पद को लेकर है मतभेद
राजस्थान में मुख्यमंत्री पद को लेकर पार्टी के भीतर खींचतान है। प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय चुनाव समन्वय समिति के सदस्य ओम माथुर सहित अनेक दिग्गज नेता मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल है। पार्टी बाहरी तौर पर एकजुट दिखाई देती है। लेकिन पार्टी के भीतर मुख्यमंत्री पद को लेकर भारी खींचतान है। कई अवसरों पर यह खींचतान सामने आ जाती है। राजस्थान में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अब पार्टी का फोकस राजस्थान पर रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications