Rajasthan से भारत जोड़ो यात्रा जाने के साथ ही सीएम पद को लेकर कांग्रेस नेताओं के सुर बुलंद, जानिए पूरी वजह
राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा के जाने के साथ ही सीएम पद को लेकर कांग्रेस नेताओं की बयानबाजी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल एक बार फिर गहलोत के सीएम बनने की बात कही है।

Congress नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अभी राजस्थान से कुछ ही दूर पहुंची है। इधर फिर से कांग्रेस नेताओं ने सीएम की दावेदारी के झंडे बुलंद करना शुरू कर दिया है। प्रदेश का अगला सीएम कौन होगा। इस पर चर्चा और बयानबाजी और शुरू हो गई है। गहलोत गुट के मंत्री शांति धारीवाल ने अगला सीएम कौन होगा इस पर बहस छेड़ दी है। जयपुर के कंवर का बास में गुरुवार को हुए लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शांति धारीवाल ने कहा कि राजस्थान की जनता दोबारा अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री के रूप में चुनना चाहती है। जनता फिर से कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है। धारीवाल के इस बयान को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है।

सीएम गहलोत ने केंद्र पर साधा निशाना
समारोह में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र की भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कई सियासी बाण छोड़े। गहलोत ने कहा कि भाजपा की सरकार के समय देश में महंगाई चरम पर है। दुनिया में जहां तेल के दाम कम हो रहे हैं। वही देश में पेट्रोल डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। इससे भाजपा अपना खजाना भर रही है। यही खजाना हमारी सरकार को गिराने के काम में ले रही है। जैसे कर्नाटक, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में किया गया है। वहीं अपने संबोधन में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बेरोजगारों के आंदोलन और बेरोजगार संगठन पर भी निशाना साधा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में करीब 68.15 करोड रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किया। कृषि मंत्री लालचंद कटारिया ने सीएम का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा पानी एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता के लिए उल्लेखनीय विकास कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने 4 वर्ष की उपलब्धियां गिनाई
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि गौशालाओं को 9 महीने का अनुदान देने वाला राजस्थान एकमात्र राज्य है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं से राजस्थान मॉडल स्टेट बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के माध्यम से आमजन को महंगे इलाज की चिंता से मुक्ति मिल गई है। पशुपालकों को दूध पर 5 रुपए प्रति लीटर का अनुदान दिया जा रहा है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 50 यूनिट बिजली निशुल्क करने से 46 लाख लोगों का बिजली का बिल शून्य हो गया है।

केंद्र को देशभर में समान पेंशन पॉलिसी लागू करनी चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्ध विधवा दिव्यांग जनों सहित लगभग एक करोड़ लोगों को पेंशन दे रही है उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को देशभर में समान पेंशन पॉलिसी लागू करनी चाहिए जिससे सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके राज्य में 80 विश्वविद्यालय तथा 211 महाविद्यालय खोले गए हैं 200 स्टूडेंट का विदेश में पढ़ाई का पूरा खर्चा बहन किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications