नाबालिग रेप पीड़िता की पहचान उजागर करने को लेकर बीजेपी नेता ने राहुल गांधी, ट्विटर के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत
जयपुर की एक सत्र अदालत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और ट्विटर के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है। यह शिकायत भाजपा नेता जितेंद्र गोथवाल ने दर्ज कराई है।
जयपुर, 10 अगस्त। जयपुर की एक सत्र अदालत में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और ट्विटर के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है। यह शिकायत भाजपा नेता जितेंद्र गोथवाल ने दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता जितेंद्र गोथवाल ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के एक ट्वीट से उस नौ वर्षीय लड़की की पहचान उजागर हो गई, जिसकी दिल्ली छावनी क्षेत्र में हत्या और जबरन अंतिम संस्कार किया गया था। इस संबंध में जयपुर के बानी पार्क स्थित सत्र न्यायालय में शिकायत दर्ज कराई गई है।

बता दें कि इस महीने की शुरुआत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नांगल गांव के रहने वाली नाबालिग लड़की के परिवार से मुलाकात की थी, जिसकी कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी और उसके बाद जबरन अंतिम संस्कार कर दिया गया था। राहुल गांधी ने नाबालिग के परिवार के साथ मुलाकात की तस्वीरें ट्विटर पर भी पोस्ट की थीं। हालांकि नाबालिक की हत्या के आरोपियों पर उसका यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने के बाद इन तस्वीरों को हटा दिया गया था। कानून के मुताबिक नाबालिग रेप पीड़िता की पहचान सार्वजनिक करना अपराध माना जाता है। मामले का संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने दिल्ली पुलिस और ट्विटर से संपर्क किया था और राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा, जिनकी वजह से लड़की की पहचान उजागर हुई। NCPCR ने कहा था कि राहुल गांधी द्वारा लड़की की पहचान उजागर करना किशोर न्याय अधिनियम और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (POCSO) अधिनियम का उल्लंघन है। वहीं कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि इस घटना के बाद ट्विटर ने पिछले हफ्ते कुछ समय के लिए राहुल गांधी के ट्विटर अकाउंट को अस्थाई रूप से बंद कर दिया था। राहुल गांधी के अलावा दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष आदेश गुप्ता और माकपा नेता वृंदा करात ने भी बच्ची के परिवार से मुलाकात की थी। अरविंद केजरीवाल ने बच्ची के परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता को मंजूरी दी है।
यह भी पढ़ें: पंजाब में बीजेपी की नई रणनीति, विरोधी खेमे में शुरू की सेंधमारी
Recommended Video
केजरीवाल ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
पीड़ित के परिवार से मुलाकात के बाद दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिये थे। मामले में अब तक दिल्ली पुलिस ने श्मशान के एक पुजारी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है और उन पर बलात्कार, हत्या और धमकी के आरोप, पोक्सो अधिनियम और एससी / एसटी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़ित के परिवार ने फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से शीघ्र न्याय की मांग की है। गिरफ्तार लोगों की पहचान राधेश्याम (55), सलीम (55), लक्ष्मी नारायण (49) और कुलदीप (63) के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications