जयपुर में भाजपा ने किया अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन, इन मुद्दों को लेकर पुलिस और नेताओं में हुई झड़प
जयपुर, 20 सितम्बर। राजस्थान में भाजपा ने अशोक गहलोत सरकार की घेराबंदी शुरू कर दी है। भाजपा की प्रदेश इकाई ने मंगलवार को गहलोत सरकार के खिलाफ जयपुर में प्रदर्शन कर विधानसभा के घेराव की कोशिश की। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा की ओर कूच किया। इस बीच सहकार मार्ग पर बैरिकेटिंग कर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की। यहां बैरिकेटिंग तोड़ने की कोशिश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया पुलिस का धक्का लगने से गिर गए। पुलिस से प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया सहित प्रदर्शन कर रहे सांसदों, विधायकों और भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया। यहां से सभी को बनीपार्क थाने ले जाया गया है।

गहलोत सरकार की घेराबंदी
बीजेपी लंपी वायरस, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी और हत्या के मामलों को लेकर गहलोत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने इससे पहले भाजपा के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि गहलोत सरकार गौवंश की हत्यारी है। प्रदेश में किसानों और पशुपालकों के गोवंश की लंपी वायरस से मौत हुई है। कांग्रेस सरकार को उन सभी किसानों को 50 हजार रुपए मुआवजा दिया जाना चाहिए। इस दौरान पूनिया ने लंपी वायरस को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग की थी। पूनिया ने कहा कि गौवंश को इस संक्रमित बीमारी से बचाने के लिए गहलोत सरकार की कोई योजना नहीं है। इस बीमारी से प्रदेश में लाखों गायों ने दम तोड़ दिया है। ऐसे में सरकार कम से कम किसानों को मुआवजा तो दे ही सकती है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय से विधानसभा की ओर कूच किया। लेकिन सहकार मार्ग पर पुलिस ने सभी को रोक लिया। इसके बाद भाजपा नेताओं ने गहलोत सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपनी गिरफ्तारी दी।

लंपी वायरस के नाम पर राजनीति
भाजपा ने प्रदेश व्यापी आंदोलन कर गहलोत सरकार को घेरने की कोशिश की है। भाजपा द्वारा मंगलवार को लंपी वायरस, महिला उत्पीड़न, हत्या, बलात्कार, बेरोजगारी, बिजली कटौती और बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर आंदोलन किया गया। भाजपा गहलोत सरकार से लगातार लंपी वायरस को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर रही है। इधर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कहना है कि लंपी वायरस से राजस्थान ही नहीं देशभर में गौवंश का नुकसान हुआ है। ऐसे में भाजपा की केंद्र सरकार को राष्ट्रीय आपदा घोषित करवाने में कांग्रेस की मदद करनी चाहिए। लंपी वायरस को लेकर दोनों दल राजनीति के सिवाय कुछ नहीं कर रहे।












Click it and Unblock the Notifications