राजस्थान में पीएम मोदी के मालासेरी दौरे का जिम्मा अर्जुन मेघवाल को, प्रदेश में मिल सकती है अहम भूमिका
राजस्थान में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल को लगातार मिलती अहम जिम्मेदारियों से साफ है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उन्हें प्रदेश में बड़ी भूमिका में लेकर आएगा। मंत्रिमंडल विस्तार में भी मेघवाल के प्रमोशन की चर्चा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को भीलवाड़ा जिले आसींद में मालासेरी डूंगरी आ रहे हैं। पीएम मोदी के दौरे को लेकर व्यवस्थाओं का जिम्मा एक बार फिर संस्कृति मंत्रालय को दिया गया है। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल के पास इस मंत्रालय का प्रभार है। राजस्थान में सचिन पायलट को मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से गुर्जर समुदाय में नाराजगी है। पीएम मोदी के दौरे के बहाने बीजेपी इसी नाराजगी के जरिए गुर्जर समुदाय को साधने की कवायद कर रही है। इस लिहाज से मालासेरी में पीएम मोदी उज्जैन महाकाल की तर्ज पर देवनारायण कॉरिडोर को घोषणा भी कर सकते हैं। पीएम मोदी के इस अहम दौरे का जिम्मा एक बार फिर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल को देकर साफ कर दिया है कि लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी उन्हें राजस्थान में अहम भूमिका में लाएगी। इससे पहले भी पीएम मोदी के मानगढ़ धाम के दौरे का जिम्मा मेघवाल के पास था। पीएम मोदी राजस्थान में दलित समुदाय के मतदाताओं को रिझाने के लिए अर्जुन मेघवाल पर निर्भर हैं। यही वजह है कि पार्टी में अर्जुन मेघवाल का ग्राफ और भूमिका बढ़ाई जा रही है। प्रदेश में भाजपा पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ेगी। इस लिहाज से पार्टी अर्जुन मेघवाल को प्रदेश अध्यक्ष या मुख्यमंत्री भी बना सकती है। अर्जुन मेघवाल राजस्थान में मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार हैं।

मोदी कैबिनेट में मिल सकता है प्रमोशन
पीएम मोदी द्वारा फरवरी के पहले सप्ताह में मंत्रिमंडल में विस्तार की भी चर्चा है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी मंत्रिमंडल विस्तार में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल को प्रमोशन देकर बतौर कैबिनेट मंत्री शामिल कर सकते हैं। अर्जुन मेघवाल पीएम मोदी और अमित शाह के करीबी नेता माने जाते हैं। पिछले दिनों राजस्थान में जालौर में दलित समुदाय के छात्र की शिक्षक द्वारा पिटाई से मौत के बाद दलित समुदाय में कांग्रेस से नाराजगी है। ऐसे में पार्टी अर्जुन मेघवाल के जरिए दलित मतदाताओं को साध सकती है। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा अर्जुन मेघवाल को लगातार तरजीह दी जाने से साफ हो गया है कि बीजेपी प्रदेश में अर्जुन मेघवाल को बड़ी भूमिका में लेकर आएगी।
राजस्थान में सीएम पद दावेदार हैं मेघवाल
राजस्थान में बीजेपी के भीतर सीएम पद को लेकर विवाद की स्थिति है। पार्टी के जिम्मेदार नेताओं का कहना है कि इस बार विधानसभा का चुनाव पीएम मोदी के चेहरे पर लड़ा जाएगा। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे प्रदेश की कमान अपने हाथ में लेने के लिए हरसम्भव कोशिश कर रही है। अर्जुन मेघवाल बीकानेर से तीसरी बार सांसद और केंद्रीय मंत्री हैं। प्रदेश में पार्टी अध्यक्ष सतीश पूनिया, राजेंद्र राठौड़, ओम बिड़ला, ओम माथुर, गजेंद्र सिंह शेखावत और गुलाबचंद कटारिया जैसे नेता भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। पार्टी के भीतर सीएम पद को लेकर भारी गुटबाजी है। ऐसे में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने राज्य में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव तक एकजुटता बनाए रखना बड़ी चुनौती हैं।













Click it and Unblock the Notifications