अलवर में सिख समुदाय के पूर्व ग्रंथी के केश काटे, गर्दन काटने का था इरादा
जयपुर, 22 जुलाई। उदयपुर में कन्हैया लाल की हत्या के बाद अलवर में सिख समुदाय के पूर्व ग्रंथी के केश काटने का मामला सामने आया है। अलवर के रामगढ़ में समुदाय विशेष के लोगों ने सिख समुदाय के पूर्व ग्रंथी गुरुबक्श सिंह के बाल काट दिए। गुरबक्श के मुताबिक रास्ते से उनको कुछ युवकों ने पकड़ लिया। आरोपी गुरुबक्श की गर्दन काटना चाहते थे। लेकिन उन्होंने जुम्मा नाम के व्यक्ति से फोन पर बात की। जब उसे बताया गया कि वह सिख समुदाय से है तो उन्हें केश काटने का आदेश दिया गया। इस घटना के बाद से अलवर में बवाल मच गया है। गुरुबक्श का रामगढ़ अस्पताल में ईलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही अलवर के कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुँच गए।
Recommended Video

क्या है पूरा मामला
सिख समुदाय के पूर्व ग्रंथी गुरुबक्श सिंह के केश काटने का मामला अलवर जिले के रामगढ़ का है। गुरुबक्श सिंह रामगढ के अलावड़ा गांव का रहने वाला है। गुरुबक्श सिंह ने बताया कि वह मिलकपुर से दवाई लेकर लौट रहा था। इस दौरान कुछ युवकों ने उसे हाथ देकर रोका। युवकों ने उसे कहा कि उनके गांव का एक युवक एक लड़की को भगाकर ले गया है। वह रास्ते में पड़ा है। उसे उठाकर ले जाओ। जैसे ही उनके साथ जाने लगा कुछ युवक और आ गए और पकड़कर ले गए। गुरुबक्श ने बताया कि वे लोग मेरी गर्दन काटने आए थे। लेकिन जैसे ही उन्हें पता चला मैं सिख हूँ। उन्होंने फोन पर किसी जुम्मा नाम के व्यक्ति से बात कर जानकारी दी। इसके बाद युवक मेरे साथ मारपीट करने लग गए और मेरे केश काटकर फरार हो गए। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने आकर मुझे अस्पताल पहुंचाया।

कलेक्टर एसपी पहुंचे मौके पर
मामले की जानकारी मिलते ही अलवर एसपी तेजस्विनी गौतम मौके पर पहुंच गई। एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक रामगढ़ के अलावड़ा गांव के पास की घटना है। रामगढ़ थाने में गुरुवार देर रात मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। घटना के बाद अलवर जिला कलेक्टर भी मौके पर पहुंच गए हैं। घटना के बाद अलवर में तनाव का माहौल हो गया है। सिख समुदाय में आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल के बाहर जमा हो गए हैं। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications