PWD अकाउंटेंट ने 27 साल की नौकरी में बनाई अथाह सम्पत्ति, ACB को घर से मिले 1 KG सोने के बिस्किट व 10.40 लाख
राजस्थान में सार्वजनिक निर्माण विभाग का एक अकाउंटेंट एसीबी के छापे में 'धनकुबेर' निकला है। इसने 27 साल की सरकारी नौकरी में अथाह सम्पत्ति बना डाली। वर्तमान में हर माह 90 हजार रुपए की तनख्वाह पाने वाले इस अकाउंटेंट के घर पर एक किलोग्राम सोने के बिस्किट व 10 लाख 40 हजार रुपए नकदी मिले हैं।

दरअसल, सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) कोटपूतली में लेखाकार पद पर कार्यरत भौनावास निवासी महिपाल सिंह के बारे में राजस्थान भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि उसने अकूत सम्पत्ति जोड़ रखी है जबकि उसे सरकारी नौकरी में महज 27 साल ही हुए हैं।
इस पर एसीबी टीम ने उसके घर पर छापा मारा तो आय से 200 प्रतिशत अधिक सम्पत्ति का खुलासा हुआ। एसीबी के सर्च के दौरान उसके घर से एक किलोग्राम सोने के बिस्किट, 372 ग्राम सोने के आभूषण, 10 लाख 40 हजार की नकदी, 2 लग्जरी वाहन मिले हैं। इनके अलावा 2 स्टोन क्रेशर, खनन लीज समेत कुल 2 करोड़ 63 लाख की चल व अचल सम्पत्ति के दस्तावेज मिले हैं।
मीडिया से बातचीत में एसीबी के अधिकारियों ने बताया कि बैंक में एक लॉकर, जयपुर में मकान, कार्मशियल प्लॉट व भूखंड, म्यूचुअल फंड्स और बीमा में निवेश की भी जानकारी सामने आई है। पता चला कि आरोपी अकाउंटेंट ने अपनी नौकरी में ज्यादातर समय खान विभाग के कार्यालय में पोस्टेड रहा है।

सरकारी नौकरी लगने के तीन माह बाद ही माइंस विभाग में पोस्टेड हो गया था। इसके बाद पिछले 15-16 साल से वह कोटपूतली में अलग अलग विभागों में तैनात था। दो माह पहले ही उसका कोटपूतली से जयपुर नगर निगम में ट्रांसफर हो गया था। 14 सितम्बर को वह यहां से रिलीव भी हो गया था, लेकिन ज्वाइन करने की बजाय मेडिकल लीव लेकर अवकाश पर रहा। इस दौरान दोबारा कोटपूतली ट्रांसफर के लिए चक्कर लगा रहा था। बुधवार को ही उसे जयपुर में ज्वाइन करना था। इससे पहले ही एसीबी ने आय से अधिक सम्पत्ति के मामले में पकड़ लिया।












Click it and Unblock the Notifications