Yoga Day 2023 के मेगा इवेंट में शामिल हुए उपराष्ट्रपति, जबलपुर में बोले- 'वैश्विक पर्व बन गया है हमारा योग
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम हुआ। जिसमें उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, सीएम शिवराज और कई मंत्री शामिल हुए। उपराष्ट्रपति ने कहा है कि हमारा योग आज वैश्विक पर्व बन गया है. अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आज विश्व के हर कोने में यह जीवंत हो रहा है।
दुनिया के कई देशों में फैली योग आयोजन की कीर्ति के लिए धनखड़ ने पीएम मोदी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गौरव का क्षण है। जब पीएम् ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर रखा।
सारी दुनिया के लिए भारत के प्रति सकारात्मक बदलाव का प्रतीक भी देखा जा रहा हैं। धनखड़ ने कहा कि योग स्वस्थ्य जीवन की पूंजी है और स्वास्थ हमारी पूंजी। योग जीरो प्रीमियम पर फुल हेल्थ इंश्योरेंस है। हमें अपनी क्षमता को मानवता की सेवा के लिए पूर्ण रूप से लगाने के लिए स्वस्थ रहना आवश्यक है और स्वस्थ रहने के लिए योग। पहला सुख निरोगी काया है। योग शरीर मन और आत्मा की एकता का प्रतीक है।

जबलपुर के गैरिसन ग्राउंड में आयोजित हुए इस मुख्य प्रोग्राम में करीब 15 हजार लोगों ने एक साथ योगाभ्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का वीडियो संदेश दिया। जिसमें मोदी ने कहा कि योग आज वैश्विक आंदोलन, ग्लोबल स्पिरिट बन गया है। मोदी बोले कि पृथ्वी के दो ध्रुव जुड़ रहे हैं। जो पूरे विश्व को एक साथ जोड़े वह योग है। यह हमारी "वसुधैव कुटुंबकम" अर्थात सारा विश्व एक परिवार की संस्कृति है।
इस ख़ास मौके पर मध्य प्रदेश के राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी शामिल हुए थे। सीएम शिवराज ने इस मौके पर ऐलान किया कि प्रदेश के स्कूली पाठ्यक्रम में योग की शिक्षा अनिवार्य की जाएगी। उन्होंने कहा कि योग, जैसी भारत की यह प्राचीन विधा विश्व कल्याण के लिए है। हज़ारों वर्ष पूर्व से अपनाई जा रही हमारी वसुधैव कुटुंबकम् की अवधारणा संदेश देती है कि सारी दुनिया हमारा परिवार है। मनुष्य को हमने जियो और जीने दो का संदेश दिया है, हमारे ऋषि मुनियों ने सर्वे भवन्तु सुखिनः के माध्यम से बताया है कि पहला सुख निरोगी काया है और इसके लिए योग से बड़ा साधन कोई नहीं है। उन्होंने महर्षि पतंजलि को प्रणाम करते हुए उनके अष्टांग योग का उल्लेख किया।
केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, प्रहलाद पटेल समेत प्रदेश सरकार के मंत्री और बीजेपी से जुड़े दिग्गज नेता भी मौजूद थे। शहर में करीब पचास स्थानों पर एक साथ योग का कार्यक्रम हुआ। जिसका सीधा प्रसारण भी किया गया और कार्यक्रम स्थलों पर एलईडी स्क्रीन भी लगाईं गई थी। सरकार द्वारा तय कॉमन योगा प्रोटोकॉल के अनुसार योग की विभिन्न मुद्राओं और प्राणायाम का अभ्यास किया गया । इनमें समाज के सभी वर्ग सभी समुदाय और हर आयु वर्ग के लोग शामिल हुये। घरों और आंगन में भी योग का अभ्यास लोगों ने किया। कार्यक्रम में श्रवण, अस्थि बाधित दिव्यांग छात्र-छात्राओं, ट्रांसजेंडर्स और कैंसर-थैलीसीमिया की बीमारी से मुक्त हुये रोगियों ने भी समूह में योगाभ्यास किया। सभी में योग करने का जोश और जूनून नजर आया।












Click it and Unblock the Notifications