बालाघाट में खुलेगा मेडिकल कॉलेज, सीएम शिवराज ने विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ किया ऐलान
जबलपुर, 05 सितम्बर: शिक्षक सिर्फ नौकरी नहीं करते, वह सही मायनों में राष्ट्र निर्माता हैं। शिक्षक दिवस पर मप्र के बालाघाट पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह बात कही। सीएम ने बालाघाट में नए मेडिकल कॉलेज खोले जाने का ऐलान भी किया। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले स्टूडेंट्स को अब दूसरे जिले पढ़ाई के लिए नहीं जाना पड़ेगा। जल्द ही मेडिकल कॉलेज बनेगा। इसके साथ ही नौ महीने की मासूम हिती के लिवर ट्रांसप्लांट का खर्च सरकार उठाएगी।

गुरुओं के सम्मान समारोह में सीएम शिवराज
शिक्षक दिवस पर बालाघाट में गुरुजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शिरकत की। मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र के साथ सामाजिक क्षेत्र में अपना उल्लेखनीय योगदान दे रहे व्यक्तियों को पुष्प-गुच्छ, शाल-श्रीफल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर सीएम शिवराज बोले कि शिक्षक अपने आप को शासकीय सेवक न समझें, राष्ट्र निर्माता समझ कर अपने दायित्वों का निर्वहन करें और बच्चों को अच्छी शिक्षा दें।

बालाघाट में जल्द खुलेगा मेडिकल कॉलेज
प्रदेश के दूसरे शहरों की तरह बालाघाट में भी जल्द मेडिकल कॉलेज खुलेगा। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इस सौगात की घोषणा की। बोले कि स्कूल की पढ़ाई के वक्त ही छात्र-छात्राएं अलग-अलग क्षेत्र में अपना लक्ष्य निर्धारित कर लेते हैं। उनमें से कई स्टूडेंट डॉक्टर भी बनना चाहते हैं। लेकिन इस क्षेत्र में कॉलेज के अभाव में उन्हें दूसरे शहरों में पढ़ाई के लिए जाना पड़ता था। इसके मद्देनजर सरकार ने यहां नया मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया हैं। ताकि मेडिकल की पढ़ाई करने किसी को भी भटकना न पड़े।

9 माह की हिती का सरकार कराएगी लिवर ट्रांसप्लांट
बालाघाट प्रवास के दौरान पुलिस लाइन हेलीपेड पर भरवेली के संजय और राखी चौकसे की 9 माह बच्ची से भी मुख्यमंत्री मिले। हिती का लिवर ट्रांसप्लांट होना है, उसे लीवर की बीमारी बिलारिस ओटेसिया है। लेकिन इलाज इतना महंगा है कि परिवार के बस में नहीं। उन्होंने सीएम से उपचार के लिए मदद की गुहार लगाई। बालिका हिती चौकसे की स्थिति जानने के बाद उसके माता-पिता को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि उपचार के लिए राज्य सरकार पूरी मदद करेंगी और राशि
की कमी नहीं होने देगी।

करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन
बालाघाट जिले में करोड़ों रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन भी किया गया। 349 करोड़ 44 लाख 38 हजार रुपये की लागत से 17 विकास कार्य क्षेत्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होंगे। मुख्यमंत्री ने कालीपुतली चौक पर 1 करोड़ 80 लाख की लागत से निर्मित कुशाभाऊ ठाकरे सहकार भवन का भी लोकार्पण किया। इसके साथ ही सीएम रामपायली के बालाजी मंदिर भी पहुंचे जहाँ उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना की।












Click it and Unblock the Notifications