Nitin Gadkari in Jabalpur: जबलपुर समेत महाकौशल में नई सड़क क्रांति का जन्म, नितिन गडकरी ने की सौगातों की बौछार
महाकौशल अंचल के केंद्र बिंदु जबलपुर को केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के जरिए मिली सौगातों से नई सड़क क्रांति का उदय हुआ है। मंडला के बाद जबलपुर में उन्होंने 4054 करोड़ की लागत से 8 सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान मौजूद सीएम शिवराज समेत भाजपा सांसद, विधायक और मंत्री ने जिस भी मांग को रखा, उन्होंने अपने विभाग का खजाना खोल दिया। बदलते दौर में इस क्षेत्र में बनने वाली प्रदेश की सबसे लंबी 112 किमी की रिंग रोड अगले 50 सालों के भविष्य की इबारत लिखेगा।

4054 करोड़ की 8 परियोजनाओं का लोकार्पण
महाकौशल अंचल के अब तक के सियासी इतिहास में पहला मौका था, जब भविष्य के ठोस इरादों के साथ सौगातों का पिटारा खुला। वो भी सड़कों के रूप में। जो यहां के शहर विस्तार के विकास की नींव होगी। विकास का नया विजन साथ लेकर जबलपुर पहुंचे केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 4054 करोड़ की 8 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। जिसमें रिंग रोड भी शामिल है। इस इबारत को लिखने में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की भी अहम् भूमिका रही।

112 किमी रिंग रोड 50 सालों का भविष्य
केन्द्रीय भू-तल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने 214 किमी आठ सड़क परियोजनाओं का रिमोट का बटन दबाकर अनावरण किया। सरकारी मंच और सरकार के मंत्रियों के सामने बैठी जनता के बीच गडकरी ने जबलपुर को मिली फ्लाईओवर की सौगात में कमलनाथ का जिक्र भी किया। गडकरी बोले कि 8 हाईवे को जोड़ने वाली 112 किमी की रिंग रोड महाकौशल के केंद्र बिंदु जबलपुर के विकास को नई दिशा देगी। लेकिन इससे पहले उन्होंने सीएम शिवराज से कहा कि सिडको जैसा ऑर्गनाइजेशन बनाकर इस काम की शुरुआत करें। ताकि आने वाले भविष्य में रिंग रोड गुजरने वाली जगह एजुकेशन, हेल्थ, औधोगिक इंफ़्रास्ट्रक्चर के रूप में ढल सकें। साथ ही इसका पूरा नियंत्रण सरकार के हाथों में रहे।

रिंग रोड जबलपुर के विकास की गारंटी
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि किसी ज़माने में 5 हजार की सड़क के लिए भी यह मप्र तरस तरस जाता था, लेकिन आज जमाना है कि एक झटके में 5 हजार करोड़ की कई सड़कों की एक साथ सौगात मिल रही है। शिवराज ने रिंग रोड की उपलब्धि को जबलपुर के समूचे विकास की गारंटी बताया। जिससे यहां की जिंदगी जीने के स्तर में सुधार होगा। विकास के नए द्वार खुल जाएंगे। रिंग रोड प्रोजेक्ट में लॉजिस्टिक पार्क की मुख्यमंत्री की मांग को भी गडकरी ने ग्रीन सिग्नल दे दिया। सीएम ने भरोसा जताया कि सड़कों के इस जाल के बिछने के बाद जबलपुर, इंदौर को भी पीछे छोड़ देगा।

गडकरी कल्पवृक्ष ही नहीं, कामधेनु भी है
पीडब्ल्यूडी मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि नितिन गडकरी कल्पवृक्ष ही नहीं काम धेनु भी है। मप्र में सड़कों के लिए केंद्र सरकार द्वारा आवंटित राशि के आंकड़े भी सार्वजनिक किए। बोले कि 1914 से 11 हजार करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई। 6200 करोड़ की राशि व्यय की गई है। इसी की बदौलत प्रदेश में अधोसंरंचना की उत्पत्ति हुई। भार्गव ने सागर से जबलपुर के लिए फोर सड़क की डिमांड की, जिसे गडकरी ने स्वीकृति प्रदान की। गोपाल भार्गव ने कहा इस फोर लेन सड़क से बुंदेलखंड महाकौशल से सीधे जुड़ जाएगा।

विकास की नई परंपरा का हुआ है जन्म
केन्द्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल ने इस मौके पर कहा कि नितिन गडकरी ने देश को विकास की नई परंपरा दी है। उन्होंने जबलपुर दमोह होकर ओरछा के लिए फोर लेन सड़क की मांग की। साथ ही नार्थसाउथ कॉरिडोर नरसिंहपुर हाईवे की ओर दूल्हादेव से जबलपुर फ्लाईओवर की मांग की। जबलपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद राकेश सिंह ने यहां की भौगोलिक स्थितियों का जिक्र करते हुए अब तक हुए विकास कार्यों का श्रेय राज्य और केंद्र सरकार को दिया। इस दौरान उन्होंने जबलपुर को जोड़ने वाली सड़क और सुविधाओं की मांग भी रखी। जिस पर केन्द्रीय मंत्री गडकरी ने मंच से ही स्वीकृति दे दी।












Click it and Unblock the Notifications