Jabalpur News: मप्र स्थापना दिवस की जबलपुर में भी रही धूम, सांसद बोले सीएम शिवराज ने हर फर्ज निभाया
(Jabalpur News) प्रदेश के 67 वें स्थापना दिवस की जबलपुर में भी धूम रही है । उत्साह उमंग में डूबे विभिन्न विभागों ने कई आयोजन किए। मानस भवन में मुख्य समारोह हुआ, जहां स्कूली बच्चों और सामाजिक संस्थाओं ने रंगारंग-संस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आह्वान पर 7 दिनों तक सभी जिलों में स्थापना दिवस कई कार्यक्रम होंगे। सांसद राकेश सिंह बोले कि जनहितैषी योजनाओं और विकास के बलबूते मप्र ने देश भर में अलग मिसाल कायम की है। सीएम शिवराज ने अपने आप को श्रवण कुमार सिद्ध किया है।

स्कूली बच्चों ने निकाली प्रभात फेरी
स्थापना दिवस पर सुबह जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में प्रभात फेरियां निकाली गई। जिसमें शहर के विभिन्न स्कूली बच्चे शामिल हुए। प्रभात फेरी का समापन राजा शंकरशाह-कुँवर रघुनाथ शाह चौक पर हुआ । यहां आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गान हुआ तथा लोकनृत्य प्रस्तुत किये गए। वहीं शाम को मानस भवन में स्थापना दिवस पर जिले का मुख्य समारोह आयोजित किया गया।

कन्या पूजन के साथ आयोजन की शुरुआत
प्रदेश के स्थापना दिवस आयोजित इस भव्य और गरिमामय समारोह में सांसद, विधायक समेत नगर निगम के भाजपा पार्षदों ने भी शिरकत की। दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह की शुरुआत में कन्या पूजन से की गई। इस अवसर पर शासकीयदृष्टि बाधितार्थ शाला के नेत्र दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा मध्यप्रदेश गान प्रस्तुत किया गया।

विकास की नई इबारत लिख रहा मप्र
आयोजन की ख़ास बात यह रही है कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नागरिकों ने भी शिरकत की। इस मौके पर सांसद राकेश सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश न केवल अपनी अभिनव योजनाओं के लिये बल्कि प्रदेश में तेज गति से हो रहे विकास के लिये देश भर में अलग पहचान बना रहा है। सांसद बोले कि मध्यप्रदेश में चारों ओर सड़कों का जाल बिछने के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है।

सीएम ने खुद को श्रवण कुमार साबित किया
गांव बिजली से जगमगा रहे हैं। प्रदेश में ऐसा कोई घर नहीं है जहाँ केंद्र या राज्य शासन की योजनाएं न पहुँची हो। सांसद ने कहा कि देश मे पहली बार मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बनाकर मुख्यमंत्री ने अपने आपको श्रवण कुमार साबित किया है, वहीं लाडली लक्ष्मी योजना शुरू कर लाखों बेटियों के जन्म से पढ़ाई और विवाह तक की चिंता कर मामा होने का फर्ज निभाया है।

सीएम के उदबोधन का हुआ प्रसारण
इस अवसर पर मौजूद लोगों ने मप्र को देश को नंबर वन राज्य बनाने में योगदान देने का संकल्प भी लिया। स्कूल शिक्षा विभाग के संयोजन में मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। जिसमें शिव स्तुति और बधाई नृत्य ने लोगों को मन्त्रमुग्ध कर दिया। राज्य स्तरीय समारोह से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी किया गया।












Click it and Unblock the Notifications