Jabalpur से 36 स्टेशनों के मुसाफिरों का गोंदिया तक सफ़र हुआ आसान, नई पैसेंजर ट्रेन का सांसद ने किया शुभारंभ
कड़े संघर्षों और लगातार प्रयास से जबलपुर-गोंदिया ब्रॉडगेज रेल लाइन पर एक और पैसेंजर ट्रेन दौड़ने लगी। दोनों शहरों के बीच नई ट्रेन को सांसद राकेश सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Jabalpur-Gondia new passenger train: जबलपुर से गोंदिया जाने वाले रेल यात्रियों की सुविधाओं में और इजाफा हुआ है। ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तित होने के बाद इस रूट पर एक और सीधी ट्रेन प्रारंभ कर दी गई। सांसद राकेश सिंह ने जबलपुर स्टेशन के प्लेटफ़ॉर्म नं-1 से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर सांसद राकेश सिंह ने कहा कि महाकोशल के लिए इस रूट पर नई ट्रेनों का संचालन बड़ी सौगात हैं। क्षेत्र के लोगों का एक बड़ा सपना पूरा हुआ । उन्होंने कहा कि इसके लिए कई संघर्ष के साथ अनेक आंदोलन करने पड़े।

उन्होंने जबलपुर स्टेशन के संबंध में कहा कि 300 करोड़ की लागत से स्टेशन का रिमांडलिंग का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही मदन महल रेलवे स्टेशन में 120 करोड़ का कार्य भी पूर्ण होगा । सांसद ने नैरोगेज को ब्राडगेज बदलने और रेलों के संचालन के लिए किए गये विभिन्न प्रयासों, आंदोलनों का भी जिक्र किया।

राकेश सिंह ने बताया की इस ट्रेन के चलने से गढ़ा, गोरीघाट, बरगी, शिकारा, कालादेही, घंसौर, जैसे छोटे स्टेशनों के यात्रियों को अब रेलवे का सफर सुगमता से प्राप्त होगा। राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मीक ने कहा ट्रेन से आदिवासी बहुल्य क्षेत्र में आना-जाना आसान हो जायेगा।

समारोह में अपने स्वागत भाषण में मंडल रेल प्रबंधक विवेक शील ने बताया कि 10 कोच की यह ट्रेन पूर्णत अनारक्षित रहेगी। जबलपुर से गोंदिया के बीच 36 स्टेशनों पर रुकेगी। 18 अप्रैल से यह ट्रेन अपने निश्चित समय सुबह 6 बजे जबलपुर से रवाना होगी।
विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए यह ट्रेन दोपहर डेढ़ बजे गोंदिया पहुंचेगी। गोंदिया से उसी दिन वापसी मे दोपहर 15:20 बजे चलकर रात 00.10 बजे जबलपुर स्टेशन आएगी। इस रूट के सभी स्टेशनों के यात्रियों को अब रेलवे का सफर सुगमता से प्राप्त होगा। पहले दिन ट्रेन का सफर करना यात्रियों के लिए बेहद रोमांचकारी रहा।












Click it and Unblock the Notifications