कहने के लिए असिस्टेंट मैनेजर, लेकिन ढाई सौ गुना ज्यादा काली कमाई...जानिए कौन है ये
जबलपुर, 08 अगस्त: मध्यप्रदेश में काली कमाई करने वालों के चेहरे बेनकाब होने का सिलसिला जारी है। अब जबलपुर में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का असिस्टेंट मैनेजर धन-कुबेर निकला। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर EOW ने उसके कुंडम स्थित आवास पर छापा मारा। जहां असिस्टेंट मैनेजर पन्नालाल उइके, अर्जित आय से ढाई सौ गुना ज्यादा संपत्ति का मालिक निकला। बैंक अकाउंट समेत संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज ईओडब्ल्यू की टीम ने जब्त किए है और जांच जारी है।

सोकर उठे ही थे, कि पहुंच गई EOW की टीम
मप्र में ईओडब्ल्यू की तूफानी कार्रवाई जारी है। जबलपुर में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के असिस्टेंट मैनेजर पन्नालाल उइके और उनके परिवार की सुबह नींद ठीक से भी नहीं खुली थी, कि ईओडब्ल्यू की टीम ने घर पर धावा बोल दिया। आय से अधिक संपत्ति की जांच की खबर लगते ही घर वालों के होश उड़ गए। ग्रामीण क्षेत्र कुंडम में उइके के घर में पड़े छापे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई।

करीब ढाई सौ गुना ज्यादा संपत्ति की जांच
पन्नालाल के खिलाफ विभाग को आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिली थी। जिसमें कहा गया था कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति का सहायक प्रबंधक और उसके पूर्व पदों में रहते हुए उइके ने गलत तरीके से करोड़ों की संपत्ति जुटाई है। शिकायत के साथ मिले साक्ष्यों का जब सत्यापन हुआ तो उइके की आय से 248 गुना ज्यादा चल-अचल संपत्ति के बारे में पता चला। जिसके बाद योजना बनाकर ईओडब्ल्यू की टीम ने छापा मारा।

नौकरी में करीब 13 हेक्टेयर जमीन, मकान और कई गाडियां
उइके के यहां हुई जांच में लगभग 13 हेक्टेयर कृषि भूमि का पता चला है। इसके अलावा दो बड़े मकान और ट्रैक्टर, मशीनें और गाडियां भी मिली। कई बैंक में खाते और लॉकर भी है। जिनकी जानकारी हासिल की गई है। अब तक हुई कार्रवाई के मुताबिक-
सहायक प्रबंधक के यहां ये मिला
- ग्राम जमगांव में 02 मकान एरिया लगभग 4000 वगZफुट,
- ग्राम इमलई में 3.55 हे0 कृषि भूमि,
- ग्राम जमगांव में 4.67 हे0 कृषि भूमि,
- ग्राम डोली में 05 एकड़ कृषि भूमि,
- ग्राम जमगांव में 4.38 हे0 कृषि भूमि,
- 04 ट्रैक्टर,
- 04 श्रेसर 35 एच.पी.
- 05 मोटर साइकिल

कार्यालय में भी हुई सर्च कार्रवाई
सुबह घर में छापे के साथ कुछ ईओडब्ल्यू के कुछ अधिकारी इमलई स्थित आदिम जाति, सेवा सहकारी समिति के दफ्तर भी पहुंच गए। जहां उइके के काम से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। यहां से भी विभाग को कई अहम् जानकारी हासिल हुई है। पता चला है कि पद पर रहते हुए विभागीय वित्तीय गड़बड़ियां कर भी अनाधिकृत रूप से खूब कमाई की गई।

MP में एक हफ़्ते में चौथी कार्रवाई
बीते एक सप्ताह में मध्यप्रदेश में यह चौथी बड़ी कार्रवाई है, जब ईओडब्ल्यू ने आय अधिक संपत्ति के मामले में छापा मारा। भोपाल में क्लर्क, जबलपुर में नगर निगम के सहायक यंत्री के यहां छापे में करोड़ों की संपत्ति उजागर हुई है। उसके बाद बालाघाट में में भी बिजली विभाग के असिस्टेंट इंजीनियर के घर से भी करोड़ों का मामला उजागर हो चुका है। इन तीनों जगहों से जब्त दस्तावेजों के आधार पर अभी भी जांच चल रही है।
ये भी पढ़े-Jabalpur: नगर निगम के करोड़पति इंजीनियर के घर EOW का छापा, मिली लग्ज़री कारें बैंक बैलेंस












Click it and Unblock the Notifications