Jabalpur News: नरसिंहपुर बीजेपी MLA के नाम फर्जी लेटरपैड, पुलिस में केस दर्ज
(Jabalpur News) नरसिंहपुर के बीजेपी विधायक जालम सिंह पटेल के नाम फर्जी लेटरपैड कांड में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दरअसल कुछ महीने पहले विधायक के लेटरपेड पर जबलपुर स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ एक कर्मचारी के खिलाफ गंभीर शिकायत की गई थी। शिकायती पत्र को विधायक ने फर्जी करार दिया था। मामले में जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया है।

जबलपुर स्वास्थ्य विभाग में एलडीसी के पद पर नीरज मिश्रा पदस्थ है। कुछ महीने पहले नीरज के खिलाफ विभाग में गंभीर अनियमितताओं को लेकर शिकायत की गई थी। यह शिकायत नरसिंहपुर के बीजेपी विधायक जालम सिंह पटेल के लेटरपेड पर थी। जिससे हडकंप मचा हुआ था। लेकिन इस चिट्ठी की जब विधायक को भनक लगी और उन्होंने शिकायती पत्र को देखा तो पता चला कि किसी व्यक्ति ने उनके लेटरपेड का गलत इस्तेमाल किया है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आया और पुलिस में इस फर्जीवाड़े की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज किया है।
बड़ी बात यह है कि विधायक का लेटर पेड रहस्य बना हुआ है। जिस शख्स ने इसका इस्तेमाल किया, उसके हाथ आसानी से खाली लेटरपेड कैसे पहुंचा यह विधायक की भी समझ में नहीं आ रहा। आम तौर पर विधायकों के कार्यालय में उनके PA या नियुक्त कर्मचारी के जिम्मे पत्राचार का काम होता है। ऐसी स्थिति में जालम सिंह के कार्यालय से लेटरपेड का गलत इस्तेमाल कई संदेहों को जन्म दे रहा है। क्या उनके दफ्तर से लेटरपेड चोरी हुआ या फिर किसी कर्मचारी ने जानबूझकर दिया। इस बारे में भी पता किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक लेटर में नीरज मिश्रा के खिलाफ कई तरह की शिकायत है। जिसके बारे में विभाग ने असहमति जताई है। मामले की हकीकत पुलिस की आगे की जांच के बाद ही सामने आएगी।












Click it and Unblock the Notifications