Indian Railways: जबलपुर रेल मंडल में बड़ा हादसा टला, अप की जगह डाउन ट्रैक पर पहुंच गई मालगाड़ी
रेलवे द्वारा ट्रक को क्लियर करने का काम लगभग पूरा कर लिया गया है। रात 9 बजे तक इस रूट को रोकी गई ट्रेनों के लिए खोल दिया जाएगा।

Indian Railway: मध्य प्रदेश के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत बड़ा हादसा होते टल गया। जबलपुर से इटारसी रूट पर जा रही कोयले से भरी मालगाड़ी अचानक अप ट्रैक से डाउन ट्रैक पर पहुंच गई। ये गनीमत थी कि उस वक्त डाउन ट्रैक पर कोई दूसरी ट्रेन नहीं थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। रेल अफसरों तक यह खबर पहुंचते ही हड़कंप मच गया। इटारसी-जबलपुर दोनों ओर की सभी ट्रेन को पहले के स्टेशनों पर रोकना पड़ा। यह घटना बागरा तवा के पास हुई। रेल प्रशासन ने इस मामले में विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

पश्चिम मध्य रेल जोन के जबलपुर मंडल में बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, इटारसी की ओर जा रही कोयले से भरी मालगाड़ी अचानक डाउन ट्रैक पर पहुंच गई। बागरा तवा के पास हुई इस घटना की खबर आगे-पीछे के स्टेशनों को लगी। फिर इटारसी और जबलपुर जंक्शन को भी फ़ौरन सूचना मिली। जिसके बाद इटारसी और पिपरिया स्टेशनों पर कई ट्रेनों को रोक दिया गया। घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की बताई जा रही हैं। इस घटना के बाद फिलहाल कोई रेल अधिकारी जांच पूरी होने तक कुछ भी बोलने तैयार नहीं हैं।

रेल सूत्रों के मुताबिक बताया गया है कि रेल परिचालन में यह बड़ी चूक हैं। सही वजह तो जांच पूरी होने के बाद ही पता चलेगी। किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह घटना हुई या फिर मालगाड़ी के ड्राइवर की लापरवाही थी, यह जांच का अहम् बिंदु हैं। फिलहाल इस मामले में उच्च स्तरीय विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जबलपुर- इटारसी रूट पर कई घंटों तक रेल यातायात बाधित रहा। रात नौ बजे के बाद रूट दोबारा चालू हो सका।

इटारसी से जबलपुर की ओर जाने वाले भोपाल-दुर्ग अमरकंटक एक्सप्रेस, साकेत एक्सप्रेस, बरौनी स्पेशल, रक्सौल एक्सप्रेस,जनशताब्दी एक्सप्रेस, कटनी भुसावल, वाराणसी सुपर, ताप्ती गंगा, काशी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन पर प्रभाव पड़ा। वही जबलपुर से इटारसी की ओर जाने वाली वेरावल, सोमनाथ, इंटरसिटी एक्सप्रेस पर भी असर पड़ा। पिपरिया स्टेशन पर राजकोट और अन्य ट्रेनों को रोका गया। इससे यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी तरह कई ट्रेन आउटर पर घंटो ट्रैक दोबारा चालू होने के इंतजार में खड़ी रही।












Click it and Unblock the Notifications