चंद्रयान-3: लैंडिंग होते ही 'नए भारत के जयघोष' से गूंजा हिन्दुस्तान, MP के जबलपुर में भी खुशी से झूम उठे लोग
Chandrayaan-3: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (ISRO) के चंद्रयान-3 पर दुनिया की नजर थी। 'लैंडर विक्रम' की जैसे ही चांद की सतह पर सफल लैंडिंग हुई, तालियों की गड़गड़ाहट से हिन्दुस्तान गूंज उठा। 'भारत माता के जयघोष' के साथ लोगों ने वैज्ञानिकों को बधाई दी।
नई भारत की नई उड़ान का साक्षी बने भारत के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि हैं। नए इतिहास में हर भारतवासी डूब गया। करोड़ों हिन्दुस्तानियों की भावनाएं चंद्रयान-3 की लैंडिंग से जुड़ी थी। मध्य प्रदेश समेत पूरे देश में दुआएं की जा रही थी।

जबलपुर में भी मठ-मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान करते देखे गए। विक्रम की सफल लैंडिंग के लिए उपासना करते भी देखे गए। 'मून मिशन' की इस कामयाबी से हर जगह उत्साह का माहौल हैं। तिरंगा लहराया जा रहा हैं।गली-मोहल्ले 'भारत माता की जय' नारों से गूंज रहे हैं। 'विक्रम' की सॉफ्ट लैंडिंग होते ही जबलपुर के सिविक सेंटर से हाथ में तिरंगा लिए युवाओं ने रैली निकाली। सरकारी स्कूलों में भी बच्चों को इस लैंडिंग का सीधा प्रसारण दिखाया गया। चांद पर चंद्रयान की तस्वीरें देख बच्चे भी हतप्रभ रह गए।
शहर के प्रसिद्द मंदिरों में आरती भी हुई। लोगों ने कहा कि दुनिया में 'भारत' अब चमकता सितारा हैं। हिन्दुस्तान ने आज वह करिश्मा करके दिखाया हैं, जो दुनिया का और कोई देश नहीं कर सका। लोगों ने भरोसा जताया कि वैज्ञानिक क्षेत्र में भारत आने वाले वक्त में और बुलंदी के झंडे गाड़ेगा।
राजधानी भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर समेत प्रदेश के अन्य शहरों में भी लोग उत्साह से लबरेज हैं। ढोल की थाप पर लोग नाचते दिखे। उज्जैन के महाकाल मंदिर में भी भजन कीर्तन हो रहा था। जैसे ही भक्तों को चंद्रयान की सफलता की सूचना मिली, मंदिर परिसर जय महाकाल-जय भारत से गूंज उठा। जहां देखो वहां, क्या बच्चे-क्या बूढ़े हर कोई खुश हैं। अब लोग इस सफलता की बारीकियां भी जानने की कोशिश कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications