गजब: चोरी करने के लिए पत्नी के कपड़े पहन लेता था शख्स, पकड़ा गया तो बोला- अब कभी नहीं पहनूंगा
जबलपुर, 07 सितंबर: आपने चोरी की कई वारदातें सुनी होगी, लेकिन मप्र के जबलपुर में एक ऐसा चोर पकड़ा गया, जो वारदात के लिए अपनी पत्नी के कपड़े पहन लेता था। आरोपी ने जब अपने पुराने मकान मालिक को शिकार बनाया तो इस बात का खुलासा हुआ। सलवार सूट पहनकर घर में घुसते हुए CCTV में कैद हो गया। पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूलने के साथ आरोपी बोला कि अब वह कभी भी पत्नी के कपड़े नहीं पहनेगा।

यही है सलवार सूट पहना वो शातिर चोर
तस्वीर में लाल घेरे में काले कपड़े से अपनी पहचान छिपाए यही वो चोर है, जिसे पहली नजर में देखकर पुलिस भी दंग रह गई थी। पहले लगा कि यह महिला है, फिर किन्नर होने पर भी शक हुआ। लेकिन अपने ढंग से जब पुलिस ने इससे पूछताछ शुरू की तो इस बहरुपिए की हकीकत सामने आ गई। इसका नाम खेम सिंह मरावी है। यह ऑटो चलाता हैं और पिछले दिनों मदनमहल इलाके में एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
Recommended Video

बदला लेने पुराने मकान मालिक को शिकार बनाया
मदनमहल थाना अंतर्गत मुकेश उपाध्याय के एक मकान में कुछ साल पहले आरोपी किराए से रहता था। तीन साल पहले मुकेश और आरोपी खेम सिंह मरावी के बीच विवाद हुआ था। जिसमें मुकेश ने खेमसिंह को थप्पड़ मारे थे। इसी बात को लेकर दिमाग में दुश्मनी पाल बैठे खेम सिंह को पता चला कि मुकेश अपने परिवार के साथ ससुराल गए हुए हैं। घर में कोई नहीं है। तभी रात के वक्त उसने सूने घर में धावा बोला फिर नकदी समेत कीमती गहने लेकर चंपत हो गया। अगले दिन जब मुकेश वापस लौटे तो उन्हें चोरी का पता चला।

CCTV में कैद हुई चोर की करतूत
आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने तो भरपूर कोशिश की लेकिन वह भूल गया कि जिस घर में वारदात को अंजाम देने जा रहा है, उसके सामने वाले घर में CCTV लगा हुआ है। जिसमें कैद आरोपी दिखाई दे रहा है कि वह घर में बाउंड्री फांदकर किस तरह धावा बोलता हैं। फुटेज में खेम सिंह सलवार सूट पहने ही दिख रहा है। शुरुआत में पुलिस इसी आधार पर चोर का पता लगा रही थी। फुटेज में हुलिए के आधार पर किसी किन्नर पर शंका जाहिर की जा रही थी।

घटना स्थल पर पड़ी मिली हथौड़ी से खुला राज
मदनमहल टीआई नीरज वर्मा ने बताया कि इस चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो वह भी वारदात का तरीका देख दंग थी। CCTV फुटेज के अलावा कोई भी ऐसे साक्ष्य नजर नहीं आ रहे थे कि चोर का पता चल सकें। तभी घटना स्थल से एक हथौड़ी भी बरामद हुई थी। जिसके बारे में पता करने कुछ मेकेनिक और ऑटो चालकों से पूछताछ की गई। एक ऑटो चालक ने हथौड़ी खेम सिंह मरावी की होना बताया। जिसके बाद डिंडोरी जिले से आरोपी पकड़ा गया।

अब कभी नहीं पहनूंगा पत्नी के कपड़े...
अजीबो गरीब इस चोरी की वारदात का जिस किसी को पता चला वह किस्सा सुनकर हैरान है। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद आरोपी से यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब सवा लाख रुपए के जेवरात और नकदी समेत चोरी का सामान बरामद किया हैं। वही खेम सिंह अपना जुर्म कबूलते हुए यह कहते नजर आया कि वह दोबारा कभी भी अपनी पत्नी के कपड़े नहीं पहनेगा।












Click it and Unblock the Notifications