Jabalpur News: अयाज के लिए जिंदा, मां बाप के लिए मर गई 'अनामिका'! लव जिहाद के आरोप के बाद शोक संदेश Viral
Jabalpur News: मुस्लिम युवक से शादी फिर अनामिका से उजमा फातिमा बनी जबलपुर के टीचर की बेटी का घरवालों ने अब परित्याग कर दिया हैं। पारिवारिक नजरिये से उसे मरा हुआ मानते हुए शोक संदेश भी जारी किया।
Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में हिन्दू ब्राह्मण लड़की और मुस्लिम युवक के निकाह के कार्ड से मचे बवाल के बाद भी जब लड़की घर वापसी को राजी नहीं हुई, तो लड़की के परिवार ने उसे मृत घोषित करते हुए शोक संदेश का कार्ड सार्वजनिक कर दिया है।
सोशल मीडिया पर यह कार्ड जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें मृत्युभोज और पिंडदान के कार्यक्रम का भी जिक्र हैं। कुछ दिन पूर्व परिजनों ने इस मुस्लिम युवक मोहम्मद अयाज पर लव जिहाद के भी आरोप लगाए थे।

वायरल कार्ड की अनामिका उर्फ़ उजमा फातिमा के पिता और परिजनों ने भी पुष्टि की हैं। उनका कहना है कि जिस लड़की को किसी पौधे की तरह सींचकर 22 साल तक पाला-पोसा, भगवती की तरह पूजते रहे, उसने बेटी शब्द का ही गला घोंटकर रख दिया। इसलिए दिल-दिमाग से लेकर पूरे समाज के लिए अब वह मरे हुए की तरह हैं।
अनामिका के पिता चन्द्रिका प्रसाद दुबे की ओर से शोक संदेश के कार्ड समाज को वितरित किए गए। इस कार्ड में लिखा है कि-
"बड़े दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि श्री चन्द्रिका प्रसाद दुबे की पुत्री अनामिका दुबे का स्वर्गवास दिनांक 02/04/2023 दिन रविवार को हो गया है। जिसकी आत्मा की शांति हेतु मृत्युभोज एवं पिण्डदान दिनांक 11/06/2023 दिन रविवार को होना निश्चित हुआ है। कृपया पधारकर नरकगामी आत्मा को शांति प्रदान करें।
किसी मृत व्यक्ति की तरह जीते जी किसी इंसान को मृत घोषित कर त्रयोदशी जैसे क्रिया कर्म का यह अलग तरह का मामला हैं। दुबे परिवार ने नर्मदा तट पर बाकायदा लोगों को भी आमंत्रित किया, जहां अनामिका का मृत्युभोज और पिंड दान का आयोजन हैं। मृत्यु संस्कार के सभी रिवाज निभाए जाएंगे।

पहले निकाह का कार्ड हुआ था वायरल
आपको बता दें कि अनामिका ने घर वालों की मर्जी के बगैर बिना बताये मोहम्मद अयाज से जनवरी 2023 में कोर्ट मैरिज कर ली थी। पांच महीने बाद मुस्लिम रिवाज के साथ निकाह आयोजन का कार्ड वायरल हुआ। जिसमें अनामिका का नाम उजमा फातिमा पिता चन्द्रिका प्रसाद दुबे प्रदर्शित किया गया। इस पर दुबे परिवार ने आरोप लगाया था कि सामजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने जानबूझकर ऐसा कार्ड प्रिंट करवाकर वायरल किया गया।
गवाह के आधार कार्ड?
इस मामले ने तब तूल पकड़ा जब परिजन हिंदूवादी संगठन कार्यकर्ताओं के साथ एसपी दफ्तर पहुंचे और मुस्लिम युवक पर धर्मांतरण समेत लव जिहाद का आरोप भी लगाया। मीडिया के सामने आए मैरिज सर्टिफिकेट में दो गवाह हिन्दू थे। उनके दस्तावेज और बयानों में भी मेल नहीं खा रहा हैं। वहीं पुलिस की अब तक की कार्रवाई से अनामिका के घर वाले संतुष्ट नहीं।

धर्मांतरण गैर-क़ानूनी
इधर हिन्दू धर्म सेना के नेता योगेश अग्रवाल ने कहा कि मुस्लिम युवक द्वारा गैर-क़ानूनी ढंग से अनामिका का धर्मांतरण कराना आपत्तिजनक हैं। वहीं इस घटना से आहत लड़की को मृत घोषित करते हुए दुबे परिवार द्वारा पिंड दान और अन्य क्रिया कर्म करना, हिन्दू समाज को एक संदेश भी देगा। जब औलाद ने जन्म देने वाले माता-पिता की इज्जत नहीं रखी और सामाजिक प्रतिष्ठा पल भर में ढेर कर दी तो ऐसे लोगों का इसी तरह बहिष्कार होना चाहिए। हालांकि इस पूरे मामले में मोहम्मद अयाज की ओर से कोई भी पक्ष सामने नहीं आया हैं।












Click it and Unblock the Notifications