युद्ध राेकने के लिए पुतिन से बातचीत के लिए तैयार हुए जेलेंस्की, ट्रम्प करेंगे रूस राष्ट्रपति को फोन
Zelensky-Trump meeting: यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के लिए व्हाइट हाउस पहुंचे। इस बैठक में रूस और यूक्रेन के बीच पिछले लगभग चार सालों से चल रहे संघर्ष को खत्म करने पर चर्चा की गई। इस दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदिमीर जेलेंस्की ने रूस के साथ युद्ध समाप्त करने के लिए पुतिन से बातचीत करने के लिए हामी भरी। उन्होंने कहा वो इस मुद्दें पर बातचीत करने को तैयार हैं।
बता दें व्हाइट हाउस में ट्रंप और जेलेंस्की की बैठक में फ्रांस, इटली, ब्रिटेन सहित कुछ अन्य यूरोपीय देशों के नेता भी शामिल हुए। यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब पिछले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी। जेलेंस्की ने ट्रंप से मिलने से पहले सोशल मीडिया पर लिखा कि वे इस जंग को जल्द से जल्द और विश्वसनीय तरीके से समाप्त करने के लिए तैयार हैं।

इस दौरान ट्रंप को यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने एक विशेष पत्र सौंपा। यह पत्र यूक्रेन की फर्स्ट लेडी द्वारा लिखा गया था, लेकिन यह राष्ट्रपति ट्रंप के लिए नहीं, बल्कि अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के लिए था। याद रहे अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर सम्मेलन के दौरान, ट्रंप ने मेलानिया ट्रंप का एक पत्र पुतिन को सौंपा था।
ट्रंप ने कहा कि दोनों नेता, जेलेंस्की और पुतिन, युद्ध समाप्त करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "लोग मर रहे हैं और हम इसे रोकना चाहते हैं।" ट्रंप ने आगे कहा कि वह जेलेंस्की और पुतिन दोनों को जानते हैं, और उनका मानना है कि वे सभी इस संघर्ष को समाप्त होते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा मैं इस बैठक के बाद रूस के राष्ट्रपति पुतिन से फोन पर बात करेंगे।
ट्रंप ने कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की का उनके साथ होना सम्मान की बात है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि यूक्रेन के मुद्दे पर प्रगति हो रही है। ट्रंप ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति के साथ उनकी पहले हुई बैठक अच्छी रही थी। उनका मानना है कि इन वार्ताओं से सकारात्मक परिणाम निकल सकते हैं। उन्होंने संकेत दिया कि कूटनीतिक प्रयासों से यूक्रेन की स्थिति में सुधार की संभावना है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने शांति की उम्मीद जताते हुए कहा, "हम यूक्रेन और अन्य सभी के साथ काम करेंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि स्थापित शांति लंबे समय तक बनी रहे, न कि सिर्फ दो साल के लिए।" उन्होंने यह भी संकेत दिया कि कुछ प्रगति हो रही है, और इस बैठक से सकारात्मक परिणाम निकलने की संभावना है।
ट्रंप ने बताया कि अगर सब कुछ ठीक रहा तो अमेरिका, रूस और यूक्रेन के बीच एक त्रिपक्षीय बैठक आयोजित की जा सकती है। उन्होंने कहा, "मैं यह नहीं कहूंगा कि यह रास्ते का अंत है।" जेलेंस्की ने ट्रंप के प्रयासों के लिए उनका धन्यवाद किया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जेलेंस्की का व्हाइट हाउस में गर्मजोशी से स्वागत किया। इस बैठक में मौजूद यूरोपीय नेताओं की उपस्थिति बताती है कि यह संघर्ष वैश्विक चिंता का विषय है और इसके समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रयास जारी हैं।












Click it and Unblock the Notifications