Yearender 2024: रूस से लेकर यूक्रेन, US से लेकर इटली तक.. साल 2024 में PM मोदी की प्रमुख विदेशी यात्राएं
Yearender 2024: भारत की कूटनीति के लिए साल 2024 भी काफी महत्वपूर्ण रहा है और इस साल भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस, फ्रांस, इटली और यूक्रेन सहित कई प्रमुख देशों की महत्वपूर्ण यात्राएं कीं हैं। प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्राएं इसलिए काफी महत्वपूर्ण साबित हुई हैं, क्योंकि लगातार जियो-पॉलिटिक्स में बदलाव आ रहा है और ग्लोबल ऑर्डर में परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
पीएम मोदी की इन विदेश यात्राओं ने भारत की डिप्लोमेसी को मजबूत किया है, चाहे वो युद्धग्रस्त देश यूक्रेन हो, या फिर रूस हो, या फिर अमेरिका हो या इटली हो, जिससे यह संदेश गया है, कि दुनिया में भारत की स्थिति एक स्वाभाविक सहयोगी और शांतिदूत की है।

प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा (Yearender 2024)
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस साल सितंबर महीने में अमेरिका की उस वक्त काफी महत्वपूर्ण यात्रा की, जब देश राष्ट्रपति चुनाव में व्यस्त था। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा, ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ क्वाड (QUAD) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया था। ये बैठक इसलिए भी काफी महत्वपूर्ण था, क्योंकि पीएम मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने घर डेलावेयर के विलमिंगटन आमंत्रित किया था। प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्रा 21 सितंबर से 23 सितंबर के बीच हुई थी।

भारत की बैलेंसिंग डिप्लोमेसी: मोदी की रूस यात्रा (Yearender 2024)
भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस साल जुलाई में रूस की यात्रा पर गए। इस यात्रा ने भारत की अपनी रणनीतिक स्वायत्तता के प्रति मजबूत निष्ठा को प्रदर्शित किया। इस यात्रा में, प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ दूसरे भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया। प्रधानमंत्री मोदी की ये यात्रा इसलिए खास थी, क्योंकि लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री चुनाव जीतने के बाद उनकी किसी द्विपक्षीय वार्ता के लिए पहली विदेश यात्रा थी, जिसमें उन्होंने रूस को अपनी यात्रा के लिए चुना था।

प्रधानमंत्री की यूक्रेन यात्रा ने भारत को नया शांतिदूत बनाया (Yearender 2024)
अगस्त 2024 में प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के निमंत्रण पर यूक्रेन की यात्रा पर गए। इस यात्रा को इसलिए प्रमुखता मिली, क्योंकि भारत को पारंपरिक रूप से रूस का साझेदार माना जाता रहा है और इस यात्रा ने रूस-यूक्रेन संघर्ष के मद्देनजर शांति निर्माता के रूप में भारत की भूमिका को दुनिया के सामने ला दिया था।

प्रधानमंत्री ने इटली में जी7 आउटरीच सत्र में भाग लिया (Yearender 2024)
जून 2024 में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने इतालवी समकक्ष जियोर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर 50वें G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए इटली का दौरा किया। महत्वपूर्ण बात यह है, कि लोकसभा चुनाव जीतने के बाद यह प्रधानमंत्री की पहली विदेश यात्रा थी। प्रधानमंत्री ने G7 आउटरीच सत्र में भाग लिया, जिसमें अल्जीरिया, अर्जेंटीना, ब्राजील, मिस्र, केन्या, मॉरिटानिया, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, ट्यूनीशिया और तुर्की के नेता भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने रूस में शी जिनपिंग से मुलाकात की (Yearender 2024)
अक्टूबर 2024 में प्रधानमंत्री मोदी रूस गए। इस यात्रा को तब बल मिला, जब भारतीय प्रधानमंत्री ने रूस के कजान में आयोजित ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की। यह यात्रा तब हुई, जब दोनों पक्षों ने लद्दाख में टकराव वाले बिंदुओं पर सैनिकों की वापसी सुनिश्चित करने का फैसला किया।












Click it and Unblock the Notifications