Henry Kissinger: अचानक बीजिंग पहुंचे हेनरी किसिंजर, शी जिनपिंग ने कहा- हम पुराने दोस्तों को नहीं भूलते
चीन और अमेरिका के विवाद के बीच 100 साल के पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर अचानक बीजिंग पहुंचे। इस दौरान चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पूर्व शीर्ष राजनयिक हेनरी किसिंजर का गर्मजोशी से स्वागत किया।
बीते महीने 28 तारीख को अपने जीवन के 100 साल पूरे करने वाले हेनरी किसिंजर के रुतबा ही ऐसा है कि चीन-अमेरिका के बीच रिश्तों को बेहतर करने में उनकी भूमिका देखी जा रही है।

किसिंजर की अहमियत का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि कि हाल में अमेरिका की वित्त मंत्री जेनेट येलेन और क्लाइमेट डिप्लोमैट चीन गए थे, लेकिन शी जिनपिंग ने उनसे मुलाकात नहीं की।
वहीं हेनरी किसिंजर का चीन पहुंचने पर न सिर्फ शी जिनपिंग ने उनसे मुलाकात की बल्कि उनका दियाओयुताई स्टेट गेस्ट हाउस में स्वागत भी किया। इस गेस्ट हाउस चीन के नेता अक्सर विदेशी गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत करते हैं।
शी ने कहा कि दियाओयुताई वह स्थान भी है, जहां आधी सदी पहले, किसिंजर ने एक गुप्त यात्रा में चीनी अधिकारियों से मुलाकात की थी, जिससे अमेरिका-चीन संबंधों को सामान्य बनाने में मदद मिली थी।
किसिंजर से मुलाकात के बाद चीनी राष्ट्रपति ने कहा कि चीन के लोग कभी अपने पुराने दोस्तों को नहीं भूलते। अमेरिका और चीन के रिश्ते को बेहतर बनाने में हम हेनरी किसिंजर के योगदान को हमेशा यादा रखेंगे।

शी जिनपिंग ने कहा कि चीन और अमेरिका एक बार फिर चौराहे पर हैं कि किधर जाना है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को एक विकल्प बनाने की जरूरत है। जिनपिंग ने यह भी कहा है कि वे अमेरिका के साथ रिश्ते सुधारने के लिए तैयार हैं।
वहीं, किसिंजर ने कहा कि चीन की यात्रा करना एक महान सम्मान है। उन्होंने कहा कि अमेरिका और चीन के रिश्ते दुनिया की शांति और प्रोग्रेस के लिए अहम हैं। एक प्रेस ब्रीफ में चीन ने किसिंजर को एक लीजेंड्री डिप्लोमैट बताया है।
किसिंजर ने चीन के टॉप डिप्लोमैट वांग यी और रक्षा मंत्री ली शांगफू से भी बुधवार को मुलाकात की थी। आपको बता दें कि हेनरी किसिंजर वही अमेरिकी नेता हैं जिनके प्रयास से चीन और अमेरिका करीब आ पाए। कुछ सालों के लिए ही सही मगर किसिंजर के चाल की वजह से ही साम्यवादी देश चीन पूंजीवादी देश अमेरिका के धड़े का हिस्सा बन पाया।
किसिंजर ने 1970 के दशक में चीन को राजनयिक अलगाव से उभरने में मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। हालांकि अमेरिका ने इस बात पर जोर दिया है कि वह एक निजी नागरिक के तौर पर यह दौरा कर रहे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक हेनरी किसिंजर 100 से अधिक बार चीन की यात्रा कर चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications