ISIS के खिलाफ संघर्ष में अंतरराष्ट्रीय समुदाय एकजुट है: बराक ओबामा
वाशिंगटन। आईएसआईएस के खिलाफ जंग अमेरिका शुरू कर चुका है। वहीं फ्रांस भी इराक में हवाई हमले कर इस कड़ी में अमेरिका का साथ देता नजर आ रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने इस्लामिक स्टेट के खिलाफ व्यापक गठबंधन के लिए अपने प्रयासों के बीच बयान दिया है कि आईएस आतंकियों के खिलाफ संघर्ष में अंतरराष्ट्रीय समुदाय एकजुट है।

गौरतलब है कि आईएसआईएस ने सीरिया और इराक में बड़े हिस्सों पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है। वहीं सरेआम नरसंहार और अन्य बर्बर कृत्य कर पूरी दुनिया को खौफ में डाल रखा है। ओबामा ने राष्ट्र के नाम अपने साप्ताहिक संबोधन में कहा कि "आईएस के खिलाफ यह अकेले अमेरिका की लड़ाई नहीं है। मै इराक या सीरिया में एक अन्य जमीनी युद्ध लड़ने के लिए अपने सैनिकों के बारे में कोई वादा नहीं करूंगा। मध्य-पूर्व में अमेरिका सैनिकों की जमीनी लड़ाई के बिना हम अपने सहयोगियों के साथ मिल कर आईएसआईएस को तबाह कर सकते हैं।"
उन्होंने कहा, ‘हम अपनी हवाई शक्ति का उपयोग करेंगे। हम अपने सहयोगियों को प्रशिक्षित और सुसज्जित करेंगे। हम सलाह देंगे और हम सहयोग करेंगे।' आईएसआईएस के खिलाफ व्यापक अभियान में 10 अरब देशों समेत 40 से ज्यादा देशों ने अमेरिका को मदद की पेशकश की है। इसमें प्रशिक्षण से लेकर उपकरण, मानवीय सहायता आदि शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि हम इस लड़ाई में उन देशों के व्यापक गठबंधन का नेतृत्व करेंगे जिनके हित जुड़े हुए हैं। यह अमेरिका और आईएसआईएस के बीच का मामला नहीं है। यह दुनिया और आईएसआईएस के बीच का मामला है।












Click it and Unblock the Notifications