यहूदियों के सबसे पवित्र दिन पर आतंकी संगठन हमास ने किया इजराइल पर भीषण हमला, जानिए सारे अपडेट्स
Why Hamas Attacked Israel Today: शनिवार सुबह जब इजराइली लोग सोकर जागे, तो उन्हें अंदाजा भी नहीं था, कि उनके देश पर भीषण आतंकवादी हमला होने वाला है। हमास के आतंकवादी इजराइल में बर्बरता कर रहे हैं और आम लोगों को मार रहे हैं। इजराइल ने पुष्टि की है, कि हमले में कम से कम 500 से ज्यादा इजराइली बुरी तरह से घायल हुए हैं, वहीं सैकड़ों इजराइली लापता बताए जा रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कई वीडियो में देखा जा रहा है, कि हमास के आतंकवादी इजराइली महिलाओं को गाड़ी में किडनैप कर ले जा रहे हैं। कई महिलाओं के शरीर से कपड़े उतार दिए गये हैं और उनके हाथ को पीछे से बांधकर ले जाया जा रहा है। हालांकि, इजराइल की तरफ से कड़ी प्रतिक्रिया दी जा रही है, लेकिन आइये जानते हैं, कि आखिर हमास ने आज हमला क्यों किया है?

हमास के हमले को लेकर जानिए सबकुछ
शनिवार को गाजा पट्टी से फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह हमास ने आज इजराइल के ऊपर अचानक रॉ़केट हमला शुरू किया और ये हमला इतना जबरदस्त था, कि इजराइली एयर डिफेंस सिस्टम, दर्जनों रॉकेट को रोकने में नाकाम हो गई।
फ़िलिस्तीनी आतंकवादी संगठन हमास ने इज़राइल के खिलाफ "ऑपरेशन अल-अक्सा फ्लड" शुरू किया है, जो कि इज़राइल और हमास द्वारा 2021 में 11-दिवसीय युद्ध लड़ने के बाद से सबसे गंभीर युद्ध है।
हमास ने कहा है, कि उसने 5,000 रॉकेट दागे हैं, जबकि इज़राइल ने पुष्टि की है, कि हमास के आतंकी उसके क्षेत्र में प्रवेश कर गये हैं।
इजराइली सेना के प्रवक्ता डैनियल हगारी ने कहा कि समूह ने जमीन, समुद्र और हवा से हमला किया गया है।
इजराइल के ऊपर सबसे पहला हमला स्थानीय समय के मुताबिक, सुबह साढ़े 6 बजे किया गया।
इज़रायली सेना ने कहा है, कि उसने गाजा पट्टी में हमास के खिलाफ "ऑपरेशन आयरन स्वॉर्ड्स" शुरू किया है।
हमास ने ये हमला यहूदियों के पवित्र त्योहार सिमचट टोरा के आखिरी दिन किए हैं। ये त्योहार करीब एक हफ्ता चलता है और लोग इस दौरान छुट्टियों पर रहते हैं।
हमास चीफ़ हमले की TV कवरेज देखते हुए pic.twitter.com/otc6dQBNf0
— Umashankar Singh उमाशंकर सिंह (@umashankarsingh) October 7, 2023
हमास ने आज ही क्यों किया आतंकी हमला?
इज़राइल पर हमास की ओर से आश्चर्यजनक रॉकेट और घुसपैठ हमले 1973 के युद्ध की 50वीं वर्षगांठ पर किए गये हैं। इजराइल के ऊपर उसके पड़ोसी देशों ने 6 अक्टूबर 1973 को हमला किया था। हालांकि, उस लड़ाई में इजराइल की जीत हुई थी।
इज़राइल इस युद्ध को योम किप्पुर युद्ध कहता है, क्योंकि यह हमला यहूदी कैलेंडर के सबसे पवित्र दिन योम किप्पुर पर शुरू हुआ था। यहूदी आम तौर पर पिछले वर्ष के दौरान अपने पापों पर प्रायश्चित के लिए इस दिन उपवास रखते हैं और यहूदियों के लिए ये दिन काफी पवित्र माना जाता है। अरब जगत के अधिकांश हिस्सों में इसे 6 अक्टूबर के युद्ध के रूप में जाना जाता है।
इजराइल में कहां-कहां हुआ है आतंकी हमला?
हमास ने ये रॉकेट इजराइल में उत्तर की तरफ राजधानी तेल अवीव तक दागे हैं। हमास ने दक्षिणी इज़राइल में अपने सैकड़ों आतंकियों को भेजा है, जो दक्षिणी इजराइल में आम लोगों के घरों पर गोलीबारी कर रहे हैं, लिहाजा भारी संख्या में लोगों के मारे जाने की आशंका है।
इज़रायली मीडिया ने कहा है, कि बंदूकधारी आतंकवादियों ने सेडरोट शहर में राहगीरों पर गोलियां चलाईं, और सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज में शहर की सड़कों पर झड़पों के साथ-साथ जीपों में बंदूकधारियों को ग्रामीण इलाकों में घूमते हुए दिखाया गया है।
Israelis across the country—on Shabbat and the holiday of Simchat Torah—woke up to sirens sounding and Hamas firing rockets at them from Gaza this morning.
— Israel Defense Forces (@IDF) October 7, 2023
We will defend ourselves. pic.twitter.com/S9GN8fld4Y
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हमास लड़ाकों ने कई इजरायली नागरिक आबादी केंद्रों पर नियंत्रण कर लिया है, जहां निवासी अपनी सरकार से मदद की भीख मांग रहे थे।
इज़रायली सेना का कहना है, कि दर्जनों लड़ाकू विमान गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर हमले कर रहे हैं।
टाइम्स ऑफ इज़राइल की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्तमान में, कफ़र अज़ा, सडेरोट, सूफ़ा, नाहल ओज़, मैगन, बेरी और रीम सैन्य अड्डे के कस्बों में और उसके आसपास बंदूक की लड़ाई हो रही है।
हमले में कितने लोग मारे या घायल हुए हैं?
स्थानीय मीडिया ने आपातकालीन सेवाओं के हवाले से कहा है, कि हमले में कम से कम 22 इजरायली मारे गए हैं। रॉयटर्स ने देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के हवाले से कहा कि 500 से अधिक इजरायली घायल हो गए हैं।
अनादोलु समाचार एजेंसी ने कहा कि गाजा पट्टी के सीमावर्ती क्षेत्र में इजरायली सेना और फिलिस्तीनी समूहों के बीच टकराव में कम से कम चार फिलिस्तीनी मारे गए हैं और पांच घायल हो गए हैं।
हमास ने इजराइल पर क्यों किया है हमला?
अल जज़ीरा के मुताबिक, हमास के प्रवक्ता खालिद कादोमी ने कहा है, कि हमास का सैन्य अभियान उन सभी अत्याचारों के जवाब में है, जो फिलिस्तीनियों ने दशकों से झेले हैं।
उन्होंने कहा, कि "हम चाहते हैं कि अंतर्राष्ट्रीय समुदाय गाजा में, फिलिस्तीनी लोगों, अल-अक्सा जैसे हमारे पवित्र स्थलों के खिलाफ अत्याचार रोके। ये सभी चीजें इस लड़ाई को शुरू करने के पीछे का कारण हैं।"
हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद डेफ ने कहा, कि "यह पृथ्वी पर आखिरी कब्जे को खत्म करने के लिए सबसे बड़ी लड़ाई का दिन है।" उन्होंने कहा कि 5,000 रॉकेट लॉन्च किए गए हैं।
हमास के सैन्य कमांडर मोहम्मद डेफ ने वेस्ट बैंक में रहने वाले फिलीस्तिनियों से आह्वान किया, कि 'जिसके पास जो भी हथियार हैं, उसे लेकर घर से बाहर निकलें।'
टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक बयान में हमास ने "वेस्ट बैंक में प्रतिरोध सेनानियों" के साथ-साथ "हमारे अरब और इस्लामी देशों" को लड़ाई में शामिल होने का आह्वान किया है।
Israeli woman taken alive into Gaza. pic.twitter.com/JsGOfVGCzp
— Hananya Naftali (@HananyaNaftali) October 7, 2023
इजराइल की सरकार क्या कह रही है?
इज़रायली सेना ने गाजा के पास रहने वाले इज़रायलियों को अपने घरों में रहने या आश्रयों की ओर जाने की चेतावनी दी है।
इजराइली सेना ने कहा है, कि "पिछले घंटे में, हमास आतंकवादी संगठन ने गाजा पट्टी से इजरायली क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रॉकेट दागना शुरू कर दिया था और आतंकवादियों ने कई अलग-अलग स्थानों पर इजरायली क्षेत्र में घुसपैठ की थी।"
सेना ने आगे कहा, कि "हमास आतंकवादी संगठन गाजा पट्टी को नियंत्रित करता है और इस हमले के लिए जिम्मेदार है। इसे इन घटनाओं के परिणामों और जिम्मेदारी का सामना करना पड़ेगा।"
इज़रायली प्रधान मंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का कहना है कि उनका देश एक युद्ध में है इजराइल जीत हासिल करेगा।
इज़रायली राष्ट्रपति इसहाक हर्ज़ोग ने एक्स पर एक बयान लिखते हुए कहा, कि इज़रायल "एक बहुत ही कठिन क्षण" का सामना कर रहा है।
इज़रायली रक्षा मंत्री योव गैलेंट ने कहा, कि इज़रायल "यह युद्ध जीतेगा। हमास ने आज सुबह एक गंभीर गलती की है और इज़राइल राज्य के खिलाफ युद्ध शुरू कर दिया है। आईडीएफ के जवान हर स्थान पर दुश्मन से लड़ रहे हैं. मैं इजराइल के सभी नागरिकों से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आह्वान करता हूं। इज़राइल राज्य इस युद्ध में जीत हासिल करेगा।"
लेटेस्ट जमीनी हालात क्या हैं?
टाइम्स ऑफ़ इज़राइल के अनुसार, इज़राइली सेना गाजा पट्टी के साथ बाड़ के पास दक्षिणी इज़राइल में सात स्थानों पर हमास लड़ाकों से लड़ रही है।
इज़राइली कैबिनेट की रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय में बैठक की गई है, वहीं इजराइली एयरफोर्स ने गाजा पट्टी में हमास के ठिकानों पर भारी बमबारी की है।
चेक सरकार ने प्राग के पारंपरिक सहयोगी इज़राइल पर "आतंकवादी हमले" शुरू करने के लिए हमास की निंदा की है।
यूरोपीय संघ के विदेशी प्रमुख जोसेप बोरेल ने इज़राइल के साथ एकजुटता व्यक्त की।
फ्रांसीसी विदेश मंत्रालय ने कहा कि फ्रांस "इजरायल और उसकी आबादी के खिलाफ चल रहे आतंकवादी हमलों" की निंदा करता है और फ्रांस ने इजरायल के साथ अपनी पूर्ण एकजुटता व्यक्त की है।
UK के विदेश सचिव जेम्स क्लेवरली ने कहा, कि ब्रिटेन शनिवार को इज़राइल पर फिलिस्तीनी इस्लामी समूह हमास द्वारा किए गए एक आश्चर्यजनक हमले की "स्पष्ट रूप से निंदा" करता है।
मिस्र ने शनिवार को राज्य समाचार एजेंसी द्वारा जारी विदेश मंत्रालय के एक बयान में तनाव बढ़ने पर "गंभीर परिणाम" की चेतावनी दी। इसने "अधिकतम संयम बरतने और नागरिकों को और अधिक खतरे में डालने से बचने" का आह्वान किया।
लेबनानी समूह हिजबुल्लाह ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा, कि वह गाजा की स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है और "फिलिस्तीनी प्रतिरोध के नेतृत्व के साथ सीधे संपर्क में है"।












Click it and Unblock the Notifications