कौन हैं ईरानी राष्ट्रपति की बेटी जहरा पेजेश्कियान? दिल्ली BRICS बाजार में छाई, साए की तरह रहती हैं पिता के साथ

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के सिलसिले में दिल्ली आए ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की बेटी ज़हरा पेजेश्कियान (Zahra Pezeshkian) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। 12 सितंबर को ज़हरा अपने पति हसन मजीदी (Hassan Majidi) के साथ नई दिल्ली स्थित नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम एंड हस्तकला अकादमी पहुंचीं, जहां लगे 'ब्रिक्स बाजार' (BRICS Bazaar) में उनका सादगी भरा अंदाज हर किसी का ध्यान खींच रहा है।

इस दौरान उनके साथ केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद थीं। उन्होंने जहरा और उनके पति को भारतीय मंडप का दौरा कराया। यहां भारत के अलग-अलग हिस्सों के हथकरघे, कपड़े, पर्यावरण के अनुकूल हस्तशिल्प और ग्रामीण इलाकों की महिला कारीगरों के बनाए उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं।

Zahra Pezeshkian

BRICS बाजार में क्यों पहुंचीं जहरा पेजेश्कियान?

BRICS बाजार का आयोजन शिखर सम्मेलन से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रमों के हिस्से के तौर पर किया गया है। यहां BRICS के सदस्य और साझेदार देशों की पारंपरिक कला और कारीगरी को जगह दी गई है। बाजार में रंग-बिरंगे कपड़े, हस्तशिल्प, मिट्टी के बर्तन और कई तरह के पारंपरिक उत्पाद देखने को मिल रहे हैं।

जहरा ने बाजार में कारीगरों से बातचीत की। उन्होंने अलग-अलग स्टॉल पर रखे उत्पाद देखे और कुछ कारीगरी का काम होते हुए भी देखा। अन्नपूर्णा देवी ने उन्हें भारतीय मंडप में मौजूद क्षेत्रीय हथकरघों और ग्रामीण महिला कारीगरों के उत्पादों के बारे में जानकारी दी।

जहरा का यह दौरा ऐसे समय हुआ, जब उनके पिता राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान BRICS सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंचे थे। ईरान के राष्ट्रपति के तौर पर यह उनका पहला BRICS शिखर सम्मेलन है।

Zahra Pezeshkian

अब जानिए जहरा पेजेश्कियान के बारे में (Who Is Zahra Pezeshkian?)

  • जहरा पेजेश्कियान सिर्फ ईरान के राष्ट्रपति की बेटी के तौर पर ही चर्चा में नहीं रहतीं। वह अपने पिता के राजनीतिक सफर में भी उनके साथ नजर आती रही हैं। 2024 के ईरानी राष्ट्रपति चुनाव के दौरान जहरा ने अपने पिता के प्रचार अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई थी। वह चुनावी रणनीति और मीडिया से जुड़े कार्यक्रमों में पिता के साथ दिखाई दीं। राष्ट्रपति बनने के बाद भी कई अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में वह मसूद पेजेश्कियान के प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनीं।
  • जहरा की जिंदगी का एक भावनात्मक पहलू भी है। 1993 में एक सड़क हादसे में उनकी मां और एक भाई की मौत हो गई थी। उस समय जहरा काफी छोटी थीं। इसके बाद मसूद पेजेश्कियान ने अपने तीन बच्चों जहरा, यूसुफ और मेहदी की परवरिश खुद की। उन्होंने बाद में दूसरी शादी नहीं की और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और करियर पर ध्यान दिया।
  • जहरा बेहद मेधावी रही हैं। उन्होंने ईरान की सबसे प्रतिष्ठित शरीफ यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (Sharif University of Technology) से पेट्रोकेमिकल्स/केमिस्ट्री में मास्टर्स और पीएचडी की डिग्री ली है। वे अरबी और अंग्रेजी भाषाओं की अच्छी जानकार हैं।
  • राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान के सत्ता में आने से पहले जहरा ईरान की प्रमुख जाम पेट्रोकेमिकल कंपनी (Jam Petrochemical Company) में काम कर रही थीं। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव के दौरान वे अपने पिता की सबसे बड़ी ताकत और साथी के रूप में उभरीं। उन्होंने अभियान की रणनीति से लेकर मीडिया प्रस्तुतियों में अपने पिता का साथ दिया।
Zahra Pezeshkian

जहरा के पति हसन मजीदी क्या करते हैं?

जहरा पेजेश्कियान के पति का नाम हसन मजीदी है। वह वित्त यानी फाइनेंस के क्षेत्र से जुड़े हैं और उन्होंने इस विषय में मास्टर्स की पढ़ाई की है। BRICS बाजार के दौरे के दौरान जहरा अकेली नहीं थीं। हसन मजीदी भी उनके साथ मौजूद थे। दोनों ने नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम में लगे अलग-अलग स्टॉल देखे और वहां प्रदर्शित हस्तशिल्प को समझा।

राष्ट्रपति की बेटी को 'फर्स्ट लेडी' जैसी भूमिका क्यों मिलती है?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान की पत्नी का निधन हो चुका है। ऐसे में कई आधिकारिक और अंतरराष्ट्रीय मौकों पर उनकी बेटी जहरा उनके साथ दिखाई देती हैं। वह कई बार प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर विदेश यात्राओं और बड़े अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में शामिल हुई हैं।

शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO से जुड़े कार्यक्रमों में भी जहरा अपने पिता के साथ नजर आ चुकी हैं। उनके पारंपरिक पहनावे और सार्वजनिक कार्यक्रमों में मौजूदगी ने अंतरराष्ट्रीय मीडिया का ध्यान खींचा है। इसी वजह से उन्हें कई मौकों पर राष्ट्रपति की पत्नी की गैरमौजूदगी में प्रोटोकॉल से जुड़ी भूमिका निभाते हुए देखा जाता है।

BRICS बाजार में ईरान की संस्कृति की भी झलक

नेशनल क्राफ्ट्स म्यूजियम के BRICS बाजार में ईरान की पारंपरिक कला को भी जगह मिली है। यहां ईरानी संस्कृति से जुड़े दो स्टॉल लगाए गए हैं। इनका फोकस वहां की कढ़ाई और पारंपरिक हस्तशिल्प पर है।

एक स्टॉल पर बलोची कढ़ाई प्रदर्शित की गई है। इसे नादिया करीमी ने लगाया है। बलोची कढ़ाई को स्थानीय तौर पर 'दोच' भी कहा जाता है। यह बारीक हाथ की सिलाई वाली पुरानी कला है, जिसे ईरान, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बलूचिस्तान क्षेत्र में महिलाएं करती रही हैं।

नादिया करीमी पारंपरिक तकनीक को नए डिजाइनों के साथ जोड़ती हैं। उन्होंने हाल में कनाडा में 'तारन' नाम का अंतरराष्ट्रीय ब्रांड भी शुरू किया है। इसका मकसद ईरानी कला और उत्पादों को दुनिया के बाजार तक पहुंचाना है।

ईरान का दूसरा स्टॉल आमनेह सेदिघी ने लगाया है। यहां रश्ती कढ़ाई और ईरानी सुई के काम की दूसरी शैलियों को दिखाया गया है। इसमें रश्ती-दूजी के साथ आईनेह-दूजी यानी शीशे का काम भी शामिल है।

इस पारंपरिक कला को अब रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली चीजों में भी उतारा जा रहा है। कपड़े, जूते और सैंडल जैसे उत्पादों में रश्त की कारीगरी का इस्तेमाल किया गया है। इस तरह पुरानी ईरानी कला को आधुनिक जरूरतों के साथ जोड़ने की कोशिश भी दिखाई देती है।

BRICS बाजार इसलिए भी खास है क्योंकि शिखर सम्मेलन जहां व्यापार, अर्थव्यवस्था, भू-राजनीति और सुरक्षा जैसे बड़े मुद्दों पर केंद्रित है, वहीं यह बाजार सदस्य और साझेदार देशों की संस्कृति, कला और कारीगरी को एक ही जगह सामने लाता है। जहरा पेजेश्कियान का यहां पहुंचना इसी सांस्कृतिक पहल को लेकर चर्चा में आया है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+