Mashal Azam Yousafzai कौन हैं? Imran Khan की PTI के निशाने पर क्यों बीवी बुशरा की प्रवक्ता? क्या है वजह?
Pakistan Ex PM Imran Khan: पाकिस्तान की राजनीति में मशाल आजम यूसुफजई एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) की सीनेटर और वकील मशाल यूसुफजई के खिलाफ पार्टी के महासचिव सलमान अकरम राजा ने अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए हैं।
उन्होंने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री और पार्टी संस्थापक इमरान खान ने उन्हें पार्टी से निकालने का निर्देश दिया था। यह घटनाक्रम पीटीआई के अंदरूनी मतभेदों को उजागर करता है। यहां पूरी कहानी को विस्तार से समझते हैं...

Who Is Mashal Azam Yousafzai: कौन हैं मशाल आजम यूसुफजई?
मशाल आजम यूसुफजई, पाकिस्तान की एक वकील और पीटीआई से जुड़ी राजनेता हैं। वे खैबर पख्तूनख्वा (केपी) से सीनेट की सदस्य हैं। अगस्त 2025 में हुए उपचुनाव में पीटीआई समर्थित उम्मीदवार के तौर पर उन्होंने महिला आरक्षित सीट जीती। उन्हें करीब 140 वैध वोटों में से 86 वोट मिले थे। सीनेट में उनकी सदस्यता मार्च 2027 तक है और वे केपी का प्रतिनिधित्व करती हैं।
राजनीति में आने से पहले उनका कानूनी पेशे से गहरा जुड़ाव रहा। वे पीटीआई की कानूनी टीम का हिस्सा रहीं और पार्टी के आरक्षित सीटों से जुड़े विवादों में सक्रिय रहीं। 2024 में केपी सरकार में वे मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर की सलाहकार रहीं। उनके विभागों में सामाजिक कल्याण, महिला अधिकार, विशेष शिक्षा, जकात और उश्र शामिल थे। हालांकि, पद पर उनका कार्यकाल विवादों से भरा रहा।

CM की सलाहकार पद से क्यों हटाया गया?
नवंबर 2024 में एक टीवी इंटरव्यू के बाद उन्हें मुख्यमंत्री की सलाहकार के पद से हटा दिया गया। इससे पहले सितंबर 2024 में भी उन्हें पद से हटाया गया था, लेकिन बाद में कथित तौर पर इमरान खान के निर्देश पर दोबारा शामिल किया गया। मार्च 2025 में उन्हें बुशरा बीबी की प्रवक्ता की जिम्मेदारी से भी हटा दिया गया।

इमरान खान के निशाने पर क्यों मशाल?
आपको बता दें कि, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से मशाल यूसुफजई की नजदीकी मुख्य रूप से इमरान खान की बीवी बुशरा बीबी के माध्यम से बनी। लंबे समय तक वे बुशरा बीबी की प्रवक्ता और करीबी सहयोगी रहीं। इस भूमिका में वे इमरान खान और बुशरा बीबी से जुड़े संवेदनशील मामलों पर मीडिया से बात करती थीं। दिसंबर 2024 में 'द गार्जियन' से बातचीत में उन्होंने दावा किया था कि जेल में बंद इमरान खान को लगता है कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता उनके निर्देशों को कार्यकर्ताओं तक पहुंचने से रोक रहे हैं या बदल रहे हैं। इसी वजह से इमरान ने बुशरा बीबी को अपना सीधा संदेशवाहक बनाया था।
नवंबर 2024 के 'फाइनल कॉल' प्रदर्शन के दौरान भी वे बुशरा बीबी के साथ सक्रिय रहीं। उन्होंने बताया था कि बुशरा बीबी इमरान के निर्देश पर इस्लामाबाद के डी-चौक की ओर बढ़ीं। यह बयान बाद में उनके लिए विवाद का सबब बना। वे सिर्फ बुशरा बीबी की वजह से नहीं उभरीं। पीटीआई की कानूनी गतिविधियों में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। 2024 के आरक्षित सीट विवाद में वे वरिष्ठ वकीलों के साथ पार्टी की टीम में थीं। 2025 में सीनेट चुनाव जीतने के बाद उन्होंने इमरान खान और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया था। एक समय वे इमरान-बुशरा के राजनीतिक सर्कल में पहुंच रखने वाली नेता मानी जाती थीं, लेकिन यह निजी विश्वासपात्र वाला रिश्ता नहीं, बल्कि राजनीतिक और कानूनी नेटवर्क वाला था।

बुशरा बीबी से जुड़ाव कब और कैसे बना?
मशाल की राजनीतिक पहचान का बड़ा हिस्सा बुशरा बीबी के साथ रहा। नवंबर 2024 के प्रदर्शन में उनके बयानों ने पार्टी के अंदर खींचतान बढ़ाई। मार्च 2025 में बुशरा बीबी ने उन्हें प्रवक्ता पद से हटा दिया। पार्टी के कानूनी प्रतिनिधि ने पुष्टि की कि उनकी जगह चार नए फोकल पर्सन नियुक्त किए गए। यह फैसला इमरान खान, बुशरा बीबी और पीटीआई नेतृत्व की बैठक के बाद लिया गया बताया गया।
फरवरी 2026 में मशाल और इमरान खान की बहन अलीमा खान के बीच भी सार्वजनिक तीखी बयानबाजी हुई। अलीमा ने उन पर इमरान की मेडिकल रिपोर्ट लीक करने जैसे आरोप लगाए, जिन्हें मशाल ने खारिज कर दिया।
PTI अब एक्शन क्यों ले रही है?
11-12 अगस्त 2026 का घटनाक्रम सबसे महत्वपूर्ण है। पीटीआई महासचिव सलमान अकरम राजा ने मशाल यूसुफजई के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के संकेत दिए। रिपोर्टर्स से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अब उन बातों को नजरअंदाज नहीं कर सकती जिन्हें वह अनुचित मानती है। राजा ने यह भी कहा कि जिसने भी कुछ कहा है, उसे सबूत देना होगा। पार्टी इस पर जरूर एक्शन लेगी। इसके साथ ही कहा कि उन्होंने जोड़ा कि झूठ तो झूठ ही रहता है।
सबसे गंभीर दावा यह था कि इमरान खान ने उन्हें मशाल को पार्टी से निकालने का निर्देश दिया था। राजा ने कहा कि पार्टी में इस महिला (मशाल यूसुफजई) के साथ एक ग्रुप है। पार्टी में झगड़ा न हो, इसलिए हम पीछे हट गए। लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि हमें कुछ एक्शन लेना होगा। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि अंतिम फैसला पार्टी की कोर कमेटी और संसदीय दल का होगा।
इस विवाद की जड़ हाल के आरोप-प्रत्यारोप हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में मशाल ने संसद सदस्यों और वकीलों पर टिकट बेचने, साजिशों और ग्रुपिंग के आरोप लगाए। उन्होंने राजा पर भी फीस बढ़ाने और परामर्श शुल्क लेने का आरोप लगाया। राजा ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठ बताया और कहा कि उनकी जिंदगी खुली किताब है।


Click it and Unblock the Notifications
