US के पास यूक्रेन की मदद करने के लिए खत्म हो रहे पैसे.. व्हाइट हाउस ने खड़े किए हाथ, रूस की जीत पक्की?
US On Ukraine War: व्हाइट हाउस ने सोमवार को कहा है, कि रूसी आक्रमण के खिलाफ यूक्रेन को लड़ने में मदद करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका के पास समय और पैसों की कमी हो रही है। व्हाइट हाउस का ये बड़ बयान उस वक्त आया है, जब अमेरिकी संसद ने और पैसे जारी करने से इनकार कर दिया है। व्हाइट हाउस ने कहा है, कि जब तक कि कांग्रेस एक नए पैकेज को मंजूरी नहीं दे देती, तब तक उसके पास यूक्रेन की मदद के लिए पैसों की कमी हो गई है।
बाइडेन प्रशासन ने अक्टूबर में कांग्रेस से यूक्रेन और इजराइल के लिए सहायता के साथ-साथ सीमा सुरक्षा के लिए 106 अरब डॉलर के पैकेज को मंजूरी देने के लिए कहा था, लेकिन रिपब्लिकन पार्टी के बहुमत वाले सदन ने बाइडेन प्रशासन की इस मांग को खारिज कर दिया था।

यूक्रेन की मदद के लिए पैसे खत्म
सोमवार को प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष को लिखे एक पत्र में, राष्ट्रपति जो बाइडेन के बजट निदेशक शालंदा यंग ने कहा, कि यूक्रेन की मदद करने के लिए समय समाप्त हो रहा है।
उन्होंने लिखा, "मैं स्पष्ट होना चाहती हूं, कि कांग्रेस की कार्रवाई के बिना, साल के अंत तक यूक्रेन के लिए अधिक हथियार और उपकरण खरीदने और अमेरिकी सैन्य स्टॉक से उपकरण उपलब्ध कराने के लिए हमारे पास संसाधन खत्म हो जाएंगे।"
उन्होंने आगे लिखा, कि "इस पल को पूरा करने के लिए फंडिंग का कोई जादुई साधन उपलब्ध नहीं है। हमारे पास पैसे खत्म हो गए हैं और लगभग समय भी खत्म हो गया है।"
शालंदा यंग ने अपनी चिट्ठी में आगे लिखा है, कि "अमेरिकी हथियारों और उपकरणों के प्रवाह में कटौती करने से यूक्रेन युद्ध के मैदान में घुटने टेक देगा, जिससे न केवल यूक्रेन द्वारा अर्जित लाभ खतरे में पड़ जाएगा, बल्कि रूसी सैन्य जीत की संभावना भी बढ़ जाएगी।"
वहीं, व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जेक सुलिवन ने कहा कि अगर पैकेज जल्द पारित नहीं हुआ तो रूस को फायदा हो सकता है।
उन्होंने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, कि "कांग्रेस को यह तय करना है, कि यूक्रेन में आजादी की लड़ाई का समर्थन जारी रखना है या नहीं... या क्या कांग्रेस इतिहास से हमने जो सबक सीखा है, उसे नजरअंदाज कर पुतिन को मजबूत होने देगी।"
रिपब्लिकन नेताओं का क्या कहना है?
हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने चिट्टी पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
जॉनसन ने कहा, "बाइडेन प्रशासन यूक्रेन में स्पष्ट रणनीति की कमी, संघर्ष को हल करने का रास्ता या अमेरिकी करदाताओं द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए पर्याप्त रूप से जवाबदेही सुनिश्चित करने की योजना के बारे में मेरे सम्मेलन की किसी भी वैध चिंता को संबोधित करने में विफल रहा है।"
उन्होंने यह भी कहा, कि कोई भी राष्ट्रीय सुरक्षा पैकेज "हमारी अपनी सीमा से शुरू होना चाहिए।"
सीनेट के बहुमत नेता चक शूमर, जो एक डेमोक्रेट हैं, उन्होंने सोमवार को दावा किया, कि दोनों पार्टियां यूक्रेन और इजराइल के लिए वित्त पोषण पर सहमत हैं और सीमा सुरक्षा पर गतिरोध को जिम्मेदार ठहराया।
शूमर ने कहा कि रिपब्लिकन ने "बहस में पक्षपातपूर्ण और अत्यधिक आव्रजन उपायों को शामिल किया है" जैसे कि शरण चाहने वालों की "अनिश्चितकालीन हिरासत", एक प्रस्ताव जो डेमोक्रेट्स का कहना है, कि इसका अंजाम बहुत दूर तक जाता है।
इस बीच, सीनेट रिपब्लिकन नेता मिच मैककोनेल ने कहा कि उनकी पार्टी "अभी भी बातचीत की मेज पर है।"
माना जा रहा है, कि रिपब्लिकन पार्टी की तरफ से अब यूक्रेन की मदद के लिए पैसे जारी नहीं किए जाएंगे और युद्ध में काफी बढ़त ले चुका रूस, अब यूक्रेन को पूरी तरह से कुचलने की तैयारी में जुट गया है, क्योंकि अब रूस जानता है, कि अमेरिकी मदद मिलना बंद होने वाला है और ऐसी स्थिति में रूस के सामने जीत का दरवाजा खुल सकता है।












Click it and Unblock the Notifications