गजब! सिर्फ खेत में गोभी तोड़ने के लिए ये कंपनी दे रही हैं 60 लाख रुपए सालाना, यहां निकली है भर्ती
कंपनी ने अपने विज्ञापन में कहा है कि उनके यहां शानदार पैकेज पर पूरे सालभर के लिए काम उपलब्ध है।
लिंकनशायर: ज्यादातर लोगों की ख्वाहिश होती है कि उनके पास एक बढ़िया नौकरी हो। बढ़िया मतलब, जहां अच्छी सैलरी मिले और काम में सुकून हो। लेकिन, जरा सोचकर देखिए कि अगर आपसे कहा जाए कि आपको एक ऐसी नौकरी करनी है, जहां दिन में आठ घंटे की शिफ्ट के दौरान केवल हरे-भरे खेतों से पत्तागोभी और ब्रोकोली तोड़नी है और उसके बदले में आपको सैलरी के तौर पर महीने के 10 या 20 हजार नहीं, बल्कि करीब 5 लाख रुपए मिलेंगे, तो कैसा रहेगा। आपको पढ़ने में भले ये बात अजीब लगे, लेकिन एक कंपनी ने अपने खेतों के लिए इसी तरह की भर्ती निकाली है। आइए जानते हैं कि कहां मिल रही हैं ऐसी नौकरी। (तस्वीरें साभार- ट्विटर/टीएच क्लीमेंट्स)

30 पाउंड प्रति घंटे के हिसाब से तनख्वाह
न्यूज वेबसाइट 'हल लाइव' के मुताबिक, लिंकनशायर में एक कंपनी है, जिसका नाम है टीएच क्लीमेंट्स। इस कंपनी ने सोशल मीडिया के जरिये सूचना दी है कि वो ऐसे लोगों की भर्ती कर रहे हैं, जो उनके खेतों में गोभी और ब्रोकोली तोड़ने की नौकरी कर सकें। कंपनी ने अपनी सूचना में बताया है कि इस काम के बदले वो 30 पाउंड प्रति घंटे के हिसाब से तनख्वाह देगी। यानी 8 घंटे की शिफ्ट के बदले 240 पाउंड।

ब्रोकोली तोड़ने के बदले 60 लाख, पत्तागोभी के बदले 62 लाख का पैकेज
कंपनी के मुताबिक, उनके खेतों में ब्रोकोली तोड़ने के काम के बदले 60 हजार पाउंड (करीब 60 लाख रुपए) और पत्तागोभी तोड़ने के बदले 62 हजार पाउंड (करीब 62 लाख रुपए) का सालाना पैकेज दिया जाएगा। कंपनी ने यह भी बताया कि उनके खेतों में केवल मौसम की सब्जी के आधार पर ही नहीं, बल्कि सालभर काम चलता है, इसलिए नौकरी के लिए आने वाले लोगों को अपने भविष्य को लेकर किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।

क्या है इतना बड़ा पैकेज देने की वजह
दरअसल, सब्जी तोड़ने के काम के लिए इतना बड़ा पैकेज दिए जाने के पीछे वजह यह है कि ब्रेक्जिट के चलते यहां ताजे फल और सब्जियां उगाने वाली कंपनियों को स्टाफ की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है, जो कोरोना काल में कंपनियों के लिए और भी ज्यादा गंभीर संकट बन गया है। खेतों में काम करने के लिए आने वाले उन मजदूरों की संख्या पर भी प्रतिबंध लगा है, जो आमतौर पर काम के लिए यूके की यात्रा करते थे।

कंपनी ने अपने विज्ञापन में क्या कहा
यही वजह है कि बड़े फूड सप्लायर्स और सुपरमार्केट में सब्जियों की सप्लाई करने वाली यह कंपनी इतने बड़े पैमाने पर लोगों की भर्ती कर रही है। अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में टीएच क्लीमेंट्स ने लिखा, 'हम ऐसे लोगों की तलाश कर रहे हैं, जो हमारे खेतों में ब्रोकोली तोड़ने का काम कर सकें। काम के बदले एक बेहतरीन सैलरी पैकेज दिया जाएगा, जिसमें 30 पाउंड प्रति घंटे के हिसाब से भुगतान होगा और हमारे खेतों में सालभर काम उपलब्ध है।'

काम के बीच ब्रेक में आइसक्रीम का लुत्फ
कंपनी में काम का माहौल कैसा है, ये दिखाने के लिए टीएच क्लीमेंट्स ने अपने सोशल मीडिया पेज पर कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं, जिनमें खेतों में काम कर रहे लोगों को ब्रेक के दौरान आइसक्रीम खिलाई जा रही है। तस्वीरों के कैप्शन में कंपनी ने लिखा है, 'टीएच क्लीमेंट्स में दोपहर की धूप में मजे का एक और दिन। चारों तरफ आइसक्रीम का आनंद उठाते कर्मचारी, क्योंकि वो जानते हैं कि हमें उनके काम की कद्र है। स्किनर्स आइसक्रीम को भी ढेर सारा धन्यवाद।'

इस ईमेल एड्रेस पर भेज सकते हैं सीवी
कंपनी ने इस पद पर आवेदन करने के लिए अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में ईमेल एड्रेस और साथ में फोन नंबर भी दिया है। नौकरी के इच्छुक लोग उस ईमेल एड्रेस पर अपना सीवी भेजकर आवेदन कर सकते हैं। आपको बता दें कि लिंकनशायर में यह पहली कंपनी नहीं है, जो फसलों के काम के बदले इतना बड़ा पैकेज दे रही है। कुछ और कंपनियों ने भी आकर्षक पैकेज पर अपने यहां भर्ती के लिए विज्ञापन निकाला है।

'फसल पर ब्रेक्जिट का गंभीर असर'
नेशनल फार्मर्स यूनियन के क्षेत्रीय निदेशक रॉबर्ट न्यूबेरी ने न्यूज वेबसाइट 'मिरर' के साथ बातचीत में बताया, 'फसल कारोबार के ऊपर निश्चित तौर पर ब्रेक्जिट का एक गंभीर असर पड़ा है। जो लोग अब से पहले यूरोप के भीतर आजादी से कहीं भी आ-जा सकते थे, अब वो ऐसा नहीं कर सकते। बड़े पैकेज पर कर्मचारियों की भर्ती करने के साथ-साथ हमें स्थानीय लोगों से अपील भी करनी पड़ी, कि स्टाफ की कमी के चलते सब्जियों की सप्लाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी, इसलिए उन्हें घबराने की जरूरत नहीं है।'
ये भी पढ़ें- रेड बुल पीने की लगी ऐसी लत, 12 कैन पीने के बाद 17 साल की लड़की का हुआ ये हाल











Click it and Unblock the Notifications