वैगनर विद्रोह से पुतिन की सत्ता पर खड़े हुए सवाल, चीन ने पुतिन के प्रति जताया समर्थन, कही ये बात
वैगनर ग्रुप के लड़ाकों के मास्को मार्च से वापस लौटने और येवगेनी प्रिगोजिन के विद्रोह को समाप्त करने के ऐलान के एक दिन बाद बीजिंग ने मॉस्को को लेकर पहली टिप्पणी की है।
रूस में 24 घंटे से भी कम वक्त तक चले विद्रोह के खत्म होने के बाद चीन ने अपने साथी देश के लिए समर्थन जताया है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने रविवार देर रात ऑनलाइन पोस्ट किए गए एक संक्षिप्त बयान में कहा कि यह रूस का आंतरिक मामला है।

बयान में कहा गया, "रूस के मित्रवत पड़ोसी और व्यापक रणनीतिक भागीदार के रूप में चीन राष्ट्रीय स्थितरता बनाए रखने और विकास समृद्धि हासिल करने में रूस का समर्थन करता है।"
रूस के विदेश मंत्रालय ने रविवार को कहा कि चीन ने रूस के नेतृत्व के प्रति समर्थन जताया है। रूप के उप विदेश मंत्री आंद्रेई रुडेंको ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर बातचीत के लिए बीजिंग जाने के बाद चीन के विदेश मंत्री किन गैंग के साथ बैठक की, जहां दोनों पक्षों ने अपनी करीबी साझेदारी और राजनीतिक विश्वास की पुष्टि की।
आपको बता दें कि रूस में अब गृहयुद्ध और तख्तापलट का खतरा टल गया है। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ बगावत करने वाली प्राइवेट आर्मी वैगनर के पीछे हटने में बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको का अहम रोल रहा।
लुकाशेंको ने कहा कि उन्होंने येवगेनी प्रिगोजिन और रूस के बीच समझौता कराया है। इसके बाद वैगनर ग्रुप ने अपने सैनिकों को पीछे हटने को कहा है, ताकि खून खराबा रोका जा सके।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री एस पेसकोव ने कहा कि प्रिगोजिन के खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक केस बंद कर दिए जाएंगे। वैगनर ग्रुप के जो लड़ाके हैं, उन पर भी कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन प्रिगोजिन को रूस छोड़कर बेलारूस जाना पड़ेगा।
इस बीच अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन ने दावा किया है कि रूस में वैगनर लड़ाकों के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के खिलाफ विद्रोह से उत्पन्न उथल-पुथल अभी खत्म नहीं हुई है।इस स्थिति के सुलझने में कई हफ्ते या महीने लग सकते हैं।
एंटनी ब्लिंकन ने सीबीएस के फेस द नेशन को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि वैगनर भाड़े के समूह का विद्रोह राष्ट्रपति पुतिन के अधिकार के लिए एक 'सीधी चुनौती' है और 'गहरे सवाल' खड़े करता है।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, हम अनुमान नहीं लगा सकते कि कहां होने वाला है। लेकिन हम जानते हैं कि पुतिन को आने वाले हफ्तों और महीनों में जवाब देने के लिए और भी बहुत कुछ है।
ब्लिंकन ने कहा कि रूस के राष्ट्रपति और वैगनर लड़ाकों के बीच विवाद से पुतिन के 25 साल के शासनकाल की असली दरार सामने आ गई है।












Click it and Unblock the Notifications