‘मेरी तरक्की से बहुत लोग नाराज’, प्रेसिडेंशियल कैंडिडेंट की रेस में शामिल विवेक रामास्वामी का बड़ा बयान
भारतीय-अमेरिकी रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार विवेक रामास्वामी ने रविवार को कहा कि लोग उनके आगे बढ़ने से ईर्ष्या करते हैं और सोचते हैं कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के लिए बहुत छोटे हैं।
विवेक रामास्वामी की ये टिप्पणी फॉक्स न्यूज पोल के बाद आई है, जिसमें दिखाया गया है कि वह अगस्त के प्रदर्शन से 12 अंक ऊपर हैं। साथ ही उनके विरोधियों द्वारा उनकी आलोचना भी तेजी से बढ़ती चली जा रही है।

38 वर्षीय रामास्वामी की पहली रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की प्राथमिक बहस के दौरान उनके शानदार प्रदर्शन के बाद से उनकी लोकप्रियता बढ़ती जा रही है। हालांकि इसके साथ ही उनके आलोचक भी बढ़ते जा रहे हैं।
फॉक्स न्यूज से बातचीत करते हुए रामास्वामी ने कहा, " जब से बहस में अच्छा प्रदर्शन किया है। तब से ही मैंने कई लोगों से तीव्र आलोचना झेल रहा हूं। हालांकि यह प्रक्रिया का हिस्सा है, इसलिए मैं खुली बहस को आमंत्रित करता हूं।"
रामास्वामी ने आगे कहा, "वास्तविकता यह है कि बहुत से लोग मेरे आगे निकल जाने से नाराज हैं और मानते हैं कि 38 वर्षीय व्यक्ति अमेरिकी राष्ट्रपति बनने के लिए बहुत छोटा है। तथ्य यह है कि थॉमस जेफरसन 33 वर्ष के थे जब उन्होंने अमेरिकी स्वतंत्रता की घोषणा लिखी थी।"
रामास्वामी ने 23 अगस्त को हुई अपनी पहली रिपब्लिकन राष्ट्रपति पद की प्राथमिक बहस के बाद से सबका ध्यान आकर्षित किया है। बहस के बाद सामने आए पहले सर्वेक्षण में कहा गया है कि 504 उत्तरदाताओं में से 28 प्रतिशत ने कहा कि रामास्वामी ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया।
बहस में मिली सफलता के बाद रामास्वामी ने कहा था कि आखिर तक दौड़ में सिर्फ दो उम्मीदवार बचे रहेंगे। इसमें उनके अलावा सिर्फ ट्रंप होंगे। फॉक्स न्यूज के अनुसार,गूगल पर वह सबसे अधिक खोजे जाने वाले रिपब्लिकन उम्मीदवार हैं। दूसरे नंबर पर निक्की हेली हैं।
रामास्वामी ने कहा, 'हम शून्य फीसदी से वहां तक आ गए जहां हम अभी हैं। मुझे लगता है कि हम यह चुनाव जीतने की राह पर हैं।' रामास्वामी ने इससे पहले यह वादा किया है कि अगर वह अमेरिका के राष्ट्रपति बनते हैं तो फिर एच-1बी वीजा लॉटरी सिस्टम को खत्म कर देंगे।












Click it and Unblock the Notifications