अमेरिका में राम मंदिर को लेकर भारी उत्साह, लोगों ने टेस्ला गाड़ी के लाइट शो के जरिए लगाए जय श्री राम के नारे
अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम पर पूरी दुनिया की निगाहे हैं। दुनियाभर में फैले हिंदू आस्था वाले लोग इस दिव्य और भव्य कार्यक्रम का अपने तरीके से राम मंदिर के उद्घाटन को जश्न मना रहे हैं। इसी क्रम में हिंदू समुदाय के लोगों ने भगवान राम की तस्वीर वाले झंडे लेकर न्यू जर्सी शहर में 350 गाड़ियों के साथ काफिला निकाला।
विश्व हिंदू परिषद (VHP), यूएस चैप्टर ने पूरे अमेरिका के हिंदुओं के साथ मिलकर, मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर वहां के 10 राज्यों में 40 से अधिक होर्डिंग लगाए हैं। विश्व हिन्दू परिषद ने 15 जनवरी से विजुअल सेलिब्रेशन शुरू किया है। हिंदू परिषद ऑफ अमेरिका के अमिताभ मित्तल ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि बिलबोर्ड्स के जरिए अमेरिका के हिंदू अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।

इसी क्रम में अमेरिका में हिंदू अमेरिकी समुदाय के सदस्यों ने 'जय श्री राम' के नारों के बीच मैरीलैंड में एक टेस्ला म्यूजिकल लाइट शो का आयोजन किया। ये लाइट शो देखने लायक था। लाइट शो में 150 से अधिक कारों ने भाग लिया। वाशिंगटन, वर्जीनिया और मैरीलैंड के भारतीय अमेरिकियों ने कारों की लाइट को एक साथ बंद और खोल कर शानदार रोशनी बिखेरी।
बता दें, कारें मैरीलैंड के श्री भक्त अंजनेय मंदिर में इकट्ठा हुईं, जो 'अयोध्या वे' नामक सड़क पर स्थित है। सभी रंगों के टेस्ला ने अपने हेडलाइट्स और टेललाइट्स से जगह को रोशनी से जगमगा दिया था। ये रात वाकई देखने लायक थी। इस कार्यक्रम के जुड़े वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं।
इस कार रैली में हर किसी के हाथों में राम के चित्र वाले झंडे थे। कार्यक्रम के दौरान रैली में भाग लेने वालों ने जय श्री राम के नारे भी लगाए। इस आयोजन से जुड़े वीडियो को ANI ने पोस्ट किया है।विश्व हिंदू परिषद अमेरिका के जॉइंट सेक्रेटरी तेजा ए शाह ने बताया कि राम मंदिर का सेलिब्रेशन 21 जनवरी की रात में होगा। इस वक्त भारत में 22 जनवरी की सुबह हो चुकी होगी और प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा होगा।
इसके अलावा प्राण प्रतिष्ठा के दिन भी अमेरिका में कई कार रैलियां निकाली जाएंगी। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्कवेयर पर प्राण प्रतिष्ठा का लाइव प्रसारण किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications