रूस में चल रहे विश्वकप के दौरान हो सकता है आतंकी हमला- अमेरिका
नई दिल्ली। रूस में चल रहे फीफा विश्व कप को लेकर अमेरिका ने चेतावनी जारी की है। अमेरिकी सरकार ने रूस में अपने नागरिकों को चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि फीफा विश्व कप के दौरान आतंकी हमला हो सकता है। फीफा विश्व कप के दौरान रूस में होने वाले संभावित हमले के बारे में अमेरिका ने अपने नागरिकों को चेताया है कि वह रूस जाने से पहले एक बार फिर से विचार करें। न्यूज एजेंसी इएफई ने शुक्रवार को विदेश विभाग के हवाले से एक परामर्श में कहा है कि बड़े स्तर पर हो रहे आयोजन जैसे फीफा विश्व कप पर आतंकियों की नजर हो सकती है।

इस परामर्श में कहा गया है कि हालांकि विश्व कप के दौरान सुरक्षा अच्छी होगी, लेकिन आतंकवादी स्टेडियम, प्रशंसकों की जगहों, यातायात स्थल सहित किसी भी जगह को निशाना बना सकते हैं। आतंकवादी बिना किसी चेतावनी के किसी भी स्थान को अपना निशाना बना सकते हैं। ऐसे में सभी कारणों को नजर में रखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए यह चेतावनी जारी की है। साथ ही अमेरिका ने अपने नागरिकों से कहा है कि उनके नागरिक शोषण, दुर्व्यवहार का भी शिकार हो सकते हैं।
आपको बता दें कि फीफा विश्वकप रूस में 14 जून से शुरु हो गया है, जिसमे कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विश्व कप का फाइनल मुकाबला 15 जुलाई को खेला जाएगा। शुरुआती मैचों में फ्रांस, स्पेन, अर्जेंटीना, पुर्तगाल जैसी टीमों का मैच हो चुका है, जिसमे स्टार खिलाड़ी रोनाल्डो ने पहले ही मैच में तीन गोल दागकर अपने तेवर साफ कर दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications