नरेंद्र मोदी से मुलाकात के लिए अमेरिका भेजेगा निशा बिस्वाल

अमेरिका के विदेश विभाग ने शुक्रवार को जानकारी दी कि दक्षिण और मध्य एशिया मामलों की सहायक विदेश मंत्री निशा देसाई बिस्वाल छह से नौ जून तक नई दिल्ली में होंगी।
इस हफ्ते नरेंद्र मोदी के भारत के प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद यह किसी अमेरिकी शीर्ष राजनयिक की पहली भारत यात्रा होगी। विदेश विभाग ने कहा कि अपने दौरे में बिस्वाल क्षेत्रीय और द्विपक्षीय मुद्दों पर नई सरकार के अधिकारियों के साथ विस्तार से बातचीत करेंगी।
विदेश विभाग ने कहा, भारत के राष्ट्रीय चुनाव होने के बाद यह विदेश विभाग के किसी वरिष्ठ अधिकारी की पहली भारत यात्रा होगी। नई दिल्ली में सहायक विदेश मंत्री बिस्वाल प्रमुख रणनीतिक विचारकों और व्यापारिक नेताओं से मुलाकात करेंगीं।
बिस्वाल चार से छह जून तक बीजिंग का दौरा करने के बाद नई दिल्ली पहुंचेगीं। बीजिंग में प्रवास के दौरान बिस्वाल चीन सरकार के कई अधिकारियों से मिलेंगी और क्षेत्रीय, आर्थिक तथा संपर्क के कई मुद्दों पर विचार विमर्श करेंगी।
गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में भारत में अमेरिका की पूर्व राजदूत नैंसी पावेल तत्कालीन गुजरात मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की और अब निशा बिस्वाल अमेरिका की दूसरी वरिष्ठ अधिकारी होंगी जो मोदी से मिलेंगी।
अमेरिकी के रुख में नरेंद्र मोदी के लिए परिवर्तन चुनावों में बीजेपी और नरेंद्र मोदी को मिली बड़ी जीत के बाद से ही देखने को मिल रहा है। जिस समय मोदी ने चुनावों में बड़ी जीत दर्ज की थी उस समय बराक ओबामा ने कॉल करके मोदी को बधाई दी थी।












Click it and Unblock the Notifications