उत्तर कोरिया में घुसा अमेरिकी सैनिक ट्रेविस किंग, किम जोंग की आर्मी ने पकड़ा, हुए चौंकाने वाले खुलासे
उत्तर कोरिया ने एक अमेरिकी शख्स को हिरासत में लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह शख्स, अमेरिकी सेना का सदस्य है। अमेरिकी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक सैनिक का नाम ट्रैविस किंग है।
क्षेत्र की निगरानी कर रहे संयुक्त राष्ट्र कमान ने मंगलवार को ट्रैविस किंग के हिरासत में होने की पुष्टि की है। वहीं, उत्तर कोरिया की सेना ने अमेरिकी नागरिक को अवैध तरीके से सीमा पार कर देश में घुसने के कारण हिरासत में लिया है।

इस बीच संयुक्त राष्ट्र कमान मामले को सुलझाने के लिए उत्तर कोरिया के अधिकारियों से बातचीत कर रही है। संयुक्त राष्ट्र कमान ने मंगलवार को कहा कि हिरासत में लिया गया अमेरिकी नागरिक कोरियाई सीमावर्ती गांव पनमुनजोम के दौरे पर था। वह बिना अनुमति के सीमा पार कर उत्तर कोरिया में प्रवेश कर गया।
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी सैनिक ने स्थानीय समय के मुताबिक 3.27PM पर बॉर्डर क्रॉस किया था। इस इस बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है कि सैनिक ने भारी सुरक्षा वाली सीमा कैसे और क्यों पार की, सैनिक ड्यूटी पर था या नहीं।
पनमुनजोम लगभग 250 किलोमीटर लंबा विसैन्यीकृत क्षेत्र के अंदर स्थित इलाका है। कोरियाई युद्ध के अंत में इसके निर्माण के बाद से संयुक्त राष्ट्र कमान और उत्तर कोरिया द्वारा संयुक्त रूप से इसकी देखरेख की जाती है।
पनमुनजोम में कोई भी आम नागरिक नहीं रहता है। यहां सैन्य सीमांकन रेखा बनाने वाली कंक्रीट की पट्टियां और नीली झोपड़ियां हैं, जो उन आंगतुकों को आकर्षित करती हैं जो देखना चाहते हैं कि शीत युद्ध की अंतिम सीमा कैसी दिखती है।
एक वरिष्ठ अमेरिकी कमांडर ने कहा कि उनका अभी तक सैनिक से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। यूएस इंडो-पैसिफिक कमांड के कमांडर एडमिरल जॉन एक्विलिनो ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि सैनिक ने स्वेच्छा से भागने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच यूएस फोर्सेज द्वारा की जा रही है।
पेंटागन ने सैनिक की पहचान प्राइवेट 2nd क्लास ट्रैविस किंग के रूप में की है। पेंटागन के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि ट्रैविस किंग जनवरी 2021 से सेना में था। वह एक घुड़सवार सेना स्काउट और टोही विशेषज्ञ है। ट्रैविस मूल रूप से दक्षिण कोरिया में अमेरिकी सेना के साथ रोटेशन पर सेना के प्रथम बख्तरबंद डिवीजन के साथ था।

CBS न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक एक शख्स ने कहा कि वह सैनिक के साथ इस टूर का हिस्सा था। उसने इस घटना को अपनी आंखों से देखा। उसने कहा कि वह सभी लोग एक इमारत में गए थे। तभी यह सैनिक अचानक से तेज हंसी के साथ 'हाहाहा' कहते हुए भागने लगा। शख्स ने कहा, "पहले मुझे लगा कि यह एक बुरा मजाक है, लेकिन जब वह वापस नहीं आया, तो मुझे एहसास हुआ कि यह मजाक नहीं था।"
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट है कि मारपीट के आरोप में दक्षिण कोरिया में पकड़े जाने के बाद 23 ट्रेविस किंग को हाल ही में दक्षिण कोरियाई जेल से रिहा किया था। ट्रैविस किंग की मां ने एबीसी न्यूज को बताया कि वह कल्पना भी नहीं कर सकतीं कि उनका बेटा बिना अनुमति के उत्तर कोरिया में प्रवेश करेगा। प्योंगयांग ने 1996 से अब तक कम से कम 20 अमेरिकी नागरिकों को हिरासत में लिया है।












Click it and Unblock the Notifications