ईरान-इजराइल में कभी भी शुरू हो सकती है जंग, अमेरिका ने वार जोन में भेजे एयरक्राफ्ट कैरियर और पनडुब्बियां
Middle East News: अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने मध्य पूर्व में एक गाइडेड मिसाइल पनडुब्बी का आदेश दिया है। रक्षा विभाग के मुताबिक, लॉयड ऑस्टिन ने यूएसएस अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक समूह को क्षेत्र में और ज्यादा तेजी से जाने के लिए कहा है।
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब अमेरिका और अन्य सहयोगी, इजराइल और हमास के बीच संघर्ष विराम समझौते पर पहुंचने के लिए दबाव डाल रहे हैं, जो तेहरान में हमास के राजनीतिक नेता इस्माइल हानिया और बेरूत में एक वरिष्ठ हिज्बुल्लाह कमांडर की हत्या के बाद क्षेत्र में बढ़ते तनाव को शांत करने में मदद कर सकता है।

अमेरिका ने दिया इजराइल को रक्षा का वचन
अमेरिका का मानना है, कि हमास नेता इस्माइल हानिया और हिज्बुल्लाह कमांडर की हत्या के बाद इजराइल पर पलटवार हो सकता है, खासकर ईरान कभी भी इजराइल पर हमला कर सकता है, लिहाजा इजराइल पर होने वाले हमले को रोकने के लिए अमेरिका मिडिल ईस्ट में लगातार हथियारों की तैनाती कर रहा है।
पेंटागन के प्रेस सचिव मेजर जनरल पैट राइडर ने एक बयान में कहा है, कि लॉयड ऑस्टिन ने दिन में पहले इजराइल के रक्षा मंत्री योआव गैलेंट से बात की, और इजराइल की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाने की अमेरिका की प्रतिबद्धता को दोहराया है। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के मद्देनजर पूरे मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य बल की स्थिति और क्षमताओं को मजबूत करने का उल्लेख किया।
एशिया प्रशांत क्षेत्र में मौजूद यूएसएस अब्राहम लिंकन को पहले ही इस क्षेत्र में यूएसएस थियोडोर रूजवेल्ट एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप की जगह लेने का आदेश दिया जा चुका है, जिसे मध्य पूर्व से घर वापस लौटना है।
पिछले सप्ताह लॉयड ऑस्टिन ने कहा था, कि लिंकन इस महीने के अंत तक सेंट्रल कमांड क्षेत्र में पहुंच जाएगा। रविवार को यह स्पष्ट नहीं था, कि उनके नवीनतम आदेश का क्या मतलब है, या लिंकन कितनी जल्दी मध्य पूर्व की ओर बढ़ेगा। इस एयरक्राफ्ट कैरियर पर F-35 लड़ाकू जेट हैं, साथ ही F/A-18 लड़ाकू विमान भी हैं, जो किसी भी हमले को अंजाम देने की क्षमता रखते हैं।












Click it and Unblock the Notifications