पीएम मोदी से मिले अमेरिकी विदेश मंत्री और रक्षा सचिव, बोले- भारत-अमेरिका वैश्विक भलाई के लिए एक ताकत
भारत के प्रधानमंभी नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन और रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन से मुलाकात की। दोनों अमेरिकी नेता भारत आए हैं जहां उन्होंने अपने समकक्षी भारतीय मंत्रियों के साथ 2+2 बैठक में हिस्सा लिया।
दोनों मंत्रियों ने प्रधानमंत्री को "2+2" प्रारूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ अपनी चर्चा के बारे में जानकारी दी।पीएम मोदी ने कहा कि '2+2 वार्ता' प्रारूप भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवर्तक है।

भारत-अमेरिका साझेदारी को 'वैश्विक भलाई' के लिए 'एक ताकत' बताते हुए, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नई दिल्ली और वाशिंगटन के बीच पारस्परिक रूप से लाभप्रद सहयोग लोकतंत्र, बहुलवाद और कानून के शासन में उनके साझा विश्वास पर आधारित है।
ब्लिंकन ने भारत की सफल जी20 अध्यक्षता के लिए पीएम मोदी को बधाई दी और रणनीतिक साझेदारी का विस्तार करने और एक "खुला, सुलभ और सुरक्षित" प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की पहल पर चर्चा की।
इससे पहले दिन में, दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय राजधानी में अपने भारतीय समकक्षों विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। दोनों देशों के मंत्रियों के बीच 2+2 बैठक हुई।
अमेरिकी विदेश विभाग ने एक बयान में कहा, ब्लिंकन और पीएम मोदी ने इंडो-पैसिफिक और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर करीबी साझेदारी के लिए भारत और अमेरिका के साझा दृष्टिकोण की पुष्टि की।
नेताओं ने यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध और मध्य पूर्व में संघर्ष जैसे चल रहे संकटों से निपटने के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया।
मीटिंग के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका से कनाडा मुद्दे पर भी बातचीत हुई। हम पहले ही इस मामले में अपना रुख साफ कर चुके हैं। विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि हम सुरक्षा मामले को लेकर चिंतित हैं और अमेरिका हमारी चिंताओं को समझता है।
वहीं अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा कि हमने चीन की वजह से मौजूद खतरों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं पर बातचीत की, लेकिन हमारी बैठक सिर्फ इसी मुद्दे पर केंद्रित नहीं थी।












Click it and Unblock the Notifications