संयुक्त राष्ट्र महासभा में बोले बाइडेन- यह हमारी दुनिया के लिए निर्णायक दशक
न्यूयॉर्क, 21 सितंबर: अमेरिका के राष्ट्रपति का पद संभालने के बाद से संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) में अपने पहले भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कोरोना महामारी से दुनिया भर में भारी नुकसान का जिक्र किया। इस दौरान बाइडेन कहा कि यह हमारी दुनिया के लिए एक निर्णायक दशक है, जो सचमुच हमारे भविष्य को निर्धारित करेगा। बाइडेन ने अपने संबोधन में कहा कि पीड़ा और असाधारण संभावनाओं के इस समय में हमने बहुत कुछ खोया है। हमने लाखों लोगों को सांसें टूटती देखी है, हर एक मृत्यु हृदयविदारक है।

न्यूयॉर्क में किया संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित
दरअसल, जो बाइडने 76वें सेशन के हाई लेवल सेगमेंट को मंगलवार को न्यूयॉर्क में संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा 'हम इस साल बहुत दर्द और असाधारण संभावना के साथ जूझ रहे हैं। हमने इस विनाशकारी महामारी से बहुत कुछ खो दिया है। हम 4.5 मिलियन से अधिक लोगों का शोक मना रहे हैं। हर देश के लोग, हर पृष्ठभूमि के लोग। प्रत्येक मृत्यु एक व्यक्तिगत शोक है।
'हमें पहले की तरह एक साथ काम करना चाहिए'
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि क्या हम जीवन बचाने के लिए हर जगह एक होकर कोरोना को हराने के लिए साथ काम करेंगे और खुद को अगली महामारी के लिए तैयार करेंगे, क्योंकि एक और महामारी होगी। हमारी सुरक्षा, समृद्धि, स्वतंत्रता आपस में जुड़ी हुई है। हमें पहले की तरह एक साथ काम करना चाहिए।
'अमेरिका किसी भी राष्ट्र के साथ काम करने के लिए तैयार'
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बिडेन ने आगे कहा कि हथियार कोविड-19 या फ्यूचर वेरिएंट से हमारा बचाव नहीं कर सकते, सामूहिक विज्ञान और राजनीतिक इच्छाशक्ति कर सकती है। हमें अभी काम करने की जरूरत है। भविष्य के लिए वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा को फाइनेंस करने के लिए हमें एक नया मकैनिजम बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हम एक और शीत युद्ध नहीं चाहते, जिसमें दुनिया विभाजित हो। अमेरिका किसी भी राष्ट्र के साथ काम करने के लिए तैयार है, जो शांतिपूर्ण प्रस्तावों का अनुसरण करता हो, क्योंकि हम सभी अपनी असफलताओं के परिणाम भुगत चुके हैं।
25 सितंबर को पीएम मोदी करेंगे संबोधित
आपको बता दें कि न्यूयॉर्क में चल रहे संयुक्त राष्ट्र महासभा के 76वें सेशन को यूके के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन और प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी सहित 100 से अधिक राष्ट्राध्यक्ष और सरकार संयुक्त राष्ट्र महासभा में व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे। पीएम मोदी 25 सितंबर को हाई लेवल सेगमेंट की जनरल असेंबली को संबोधित करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications