VIDEO: डोनाल्ड ट्रंप उल्लू की तरह बुद्धिमान हैं, राष्ट्रपति की प्रशंसक ने शेयर किया वीडियो
VIDEO: डोनाल्ड ट्रंप उल्लू की तरह बुद्धिमान हैं, राष्ट्रपति की प्रशंसक ने शेयर किया वीडियो
नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की एक प्रशंसक ने उन्हें उल्लू की तरह होशियार बता दिया। ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है। राजनीतिक विश्लेषक टोमी लाहरेन भारतीय मूल के मतदाताओं को लुभाने की कोशिश में हिन्दी बोल रही थीं। वो ट्रंप की तारीफ में बोल रही थीं लेकिन यहीं दिक्कत हो गई और वो ट्रंप को उल्लू बता बैठीं। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है और हजारों लोग इसे शेयर कर चुके हैं।

हिन्दी बोलकर चाह रही थीं भारतीयों को लुभाना
अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होना है। उससे पहले दोनों ही दल, सत्ताधारी रिपब्लिकन पार्टी और विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी भारतीय मूल के मतदाता पर भी नजर रख रहे हैं। इस के मद्देनजर ट्रंप समर्थक टीवी प्रेजेंटर टोमी लाहरेन ने भारतीय समुदाय को धन्यवाद कहने के लिए एक वीडियो जारी किया। इसी दौरान लाहरेन ने हिंदी में कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उल्लू की तरह से बुद्धिमान हैं। उनकी कोशिश थी कि हिंदी बोलकर वह भारतीय मूल के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर लेंगी लेकिन इसके उलट वो सोशल मीडिया पर मजाक बन गईं।

ट्रेंड में आ गया वीडियो
अमेरिकी चैनल फॉक्स न्यूज की प्रेंजेटर टॉमी लाहरेन का ये वीडियो ट्विटर पर भी ट्रेंड कर रहा है। जिसमें वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैंपेन पर बात कर रही हैं और साथ ही भारत में अपने फैंस को संबोधित करते हुए ट्रंप को उल्लू जैसा बता रही हैं। वो नहीं समझ सकीं कि भारत में उल्लू को मूर्खता से जोड़ा जाता है ना कि होशियारी से।
बहन ने कहा- ट्रंप तो झूठा है
अमेरिकी चुनाव से ठीक पहले डोनाल्ड ट्रंप की बड़ी बहन मरयाने ट्रंप बैरी ने एक ऑडियो में कहा है कि उनके भाई का कोई सिद्धांत नहीं है। डोनाल्ड ट्रंप पर आप भरोसा नहीं कर सकते हैं और उन्होंने अपने पूरे राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान झूठ बोला है। मरयाने ने कहा कि प्रवासियों को लेकर उनकी नीतियां निर्दयतापूर्ण हैं। इसमें हजारों बच्चे अपने परिवार से अलग हो गए और उन्हें हिरासत केंद्र में रखा गया है। ट्रंप की बड़ी बहन ने अपने भाई के बुद्धिमत्ता पर भी सवाल उठाए।












Click it and Unblock the Notifications