Trump India Visit: भारत दौरे पर आ रहे हैं डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी विदेश मंत्री ने तारीखों को लेकर किया एलान
Donald Trump India Visit 2027: भारत और अमेरिका के रिश्तों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। उन्होंने बताया कि इस हाई-प्रोफाइल यात्रा की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। रुबियो खुद भारत आकर दौरे की रूपरेखा को अंतिम रूप देंगे।
इसके साथ ही दोनों देशों के बीच लंबे समय से लंबित ट्रेड डील को भी जल्द फाइनल करने की कोशिश होगी। माना जा रहा है कि ट्रंप की भारत यात्रा से रणनीतिक साझेदारी, व्यापार और रक्षा सहयोग को नई रफ्तार मिलेगी।

ट्रंप की भारत यात्रा की तैयारी तेज
भारत दौरे को लेकर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत आएंगे। इस यात्रा को दोनों देशों के रिश्तों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है। रुबियो ने कहा कि वह खुद भारत पहुंचकर दौरे से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान रक्षा, टेक्नोलॉजी, निवेश, इंडो-पैसिफिक सहयोग और कई अहम मुद्दों पर दोनों देशों के बीच बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Trump Tariff On India: 'आप लोग बकवास..', भारत को लेकर क्यों आगबबूला हुए ट्रंप? व्हाइट हाउस में तीखी बहस
ट्रेड डील पर जल्द बन सकती है सहमति
मार्को रुबियो ने संकेत दिए कि भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटकी ट्रेड डील को जल्द अंतिम रूप दिया जा सकता है। दोनों देशों के अधिकारी कई दौर की बातचीत कर चुके हैं और अब समझौते को फाइनल करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। अगर यह डील पूरी होती है तो व्यापार, निवेश, सप्लाई चेन और दोनों देशों के कारोबारियों को बड़ा फायदा मिल सकता है। साथ ही भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
मोदी-ट्रंप की केमिस्ट्री पर रुबियो का बड़ा बयान
मार्को रुबियो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच मजबूत व्यक्तिगत रिश्ते भारत-अमेरिका साझेदारी की सबसे बड़ी ताकत हैं। उन्होंने पीएम मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक बड़ी वैश्विक ताकत बनकर उभरा है। रुबियो ने खुद को पीएम मोदी का प्रशंसक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
ये भी पढे़ं: Iran America War: ट्रंप को लगा अब तक का सबसे बड़ा झटका! अमेरिकी संसद ने कसी लगाम, ईरान युद्ध पर प्रस्ताव पास
क्रूड ऑयल सप्लाई और वीजा पर अमेरिका ने दी सफाई
रुबियो ने कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में है, जिसके पास हैवी क्रूड ऑयल को रिफाइन करने की क्षमता है। उन्होंने बताया कि भारत, अमेरिका और वेनेजुएला मिलकर ऊर्जा सप्लाई को मजबूत बनाने पर काम कर रहे हैं। वहीं, अमेरिकी वीजा सिस्टम में होने वाले बदलावों को लेकर भी उन्होंने साफ किया कि इनका उद्देश्य भारत को निशाना बनाना नहीं है।
अमेरिकी राजदूत बोले- ट्रेड डील अंतिम दौर में
भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका प्राकृतिक साझेदार हैं और दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि बहुप्रतीक्षित ट्रेड डील पर बातचीत अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। गोर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप कई वैश्विक मुद्दों पर समान सोच रखते हैं, जिससे दोनों देशों की रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और मजबूती मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications