राष्ट्रपति ओबामा ने पुतिन पर लगाया आईएसआईएस की मदद करने का आरोप
वाशिंगटन। पहले यूनाइटेड नेशंस में अपने भाषण और फिर सीरिया पर हमलों के साथ ही रूस के राष्ट्रपति ब्लादीमिर पुतिन और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के बीच तनाव फिर से एक नए बिंदु पर पहुंच गया है।

राष्ट्रपति ओबामा ने राष्ट्रपति पुतिन पर आरोप लगाया है कि वह सीरिया में हमलों के साथ ही यहां मौजूद आईएसआईएस की मदद कर रहे हैं। रूस अब तक सीरिया में 20 ठिकानों पर हमले कर चुका है और उसका कहना है कि ये ठिकाने आईएसआईएस के हैं।
रूस ने आईएसआईएस के गढ़ माने जाने वाले रक्का के साथ-साथ अलेप्पो पर भी हमले किए हैं लेकिन साथ ही हामा और इदलिब पर भी तेज हमले होने की खबरें हैं।
ये दोनों वे जगह हैं जहां आईएसआईएस की ज्यादा पकड़ नहीं है। राष्ट्रपति ओबामा का कहना है कि रूसी इन हमलों की आड़ में आईएसआईएस को मजबूत कर रहा है।
ओबामा के मुताबिक उन्होंने पुतिन को चेतावनी दी थी आईएसआईएस को निशाना बनाने के बजाए सीरियाई राष्ट्रपति के विरोधी गुटों पर हमले करने से संकट और बढ़ेगा।
एक बयान जारी कर ओबामा ने कहा,' यह सही है कि रूस और अमेरिका दोनों का हित है कि आईएसआईएस को खत्म किया जाए। यह साफ है पुतिन आईएस और उदारवादी सुन्नी विरोधी गुटों में फर्क नहीं कर रहे हैं। पुतिन के नजरिए से सब आतंकवादी हैं। यह विनाश को बुलावा है जिसे मैं नकारता हूं।'
उधर ब्रिटेन स्थित सीरियन आब्जरवेट्री फॉर ह्यूमन राइट्स संगठन के अनुसार रूसी हमले में आईएसआईएस का एक ट्रेनिंग कैंप खत्म हुआ है। इसके साथ ही रक्का में उनका एक गुप्त कमांड पोस्ट भी नष्ट हुआ और 12 लड़ाके भी मारे गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications