US Travel Advisory on Iran:जल्द छोड़ें ईरान! अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
US Travel Advisory on Iran: ईरान में लगातार तेज हो रहे विरोध प्रदर्शनों और बिगड़ते हालात के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए एक बेहद गंभीर और इमरजेंसी एडवाइजरी जारी की है। ईरान में यूएस वर्चुअल एम्बेसी (US Virtual Embassy in Iran) ने अमेरिकी नागरिकों से कहा है कि वे हालात को देखते हुए तुरंत ईरान छोड़ने पर विचार करें, क्योंकि देशभर में जारी प्रदर्शन हिंसक रूप ले सकते हैं।
13 जनवरी को जारी इस एडवाइजरी में कहा गया है कि ईरान में सरकार विरोधी प्रदर्शन लगातार तेज हो रहे हैं।

सुरक्षा बलों की कार्रवाई बढ़ गई है, जिससे गिरफ्तारी, चोट लगने और हिंसा का खतरा काफी बढ़ गया है। कई इलाकों में सड़कों को बंद कर दिया गया है, सार्वजनिक परिवहन प्रभावित है और सुरक्षा जांच सख्त कर दी गई है।
हिंसक प्रदर्शन के बीच सुरक्षित रास्तों से देश छोड़ने की सलाह
अमेरिकी वर्चुअल एम्बेसी ने बताया कि ईरानी सरकार ने मोबाइल, लैंडलाइन और राष्ट्रीय इंटरनेट नेटवर्क पर गंभीर प्रतिबंध लगा दिए हैं। इससे देश के भीतर संचार व्यवस्था लगभग ठप हो गई है।
एडवाइजरी में कहा गया है कि अमेरिकी नागरिकों को लंबे समय तक इंटरनेट बंद रहने के लिए तैयार रहना चाहिए और वैकल्पिक संचार साधनों की योजना बनानी चाहिए। अमेरिकी नागरिकों को सलाह दी गई है कि यदि सुरक्षित हो, तो वे जमीनी रास्तों से ईरान छोड़ने पर विचार करें।
आर्मेनिया: अगारक-नोरदूज़ बॉर्डर खुला है। अमेरिकी पासपोर्ट धारकों को 180 दिनों तक वीज़ा-फ्री प्रवेश की अनुमति है।
तुर्की: ग्यूरबुलाक-बाज़रगन, कापिकॉय-राज़ी और एसेंदेरे-सेरो जैसे बॉर्डर खुले हैं।
हालांकि, नागरिकों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले संबंधित अमेरिकी दूतावासों से संपर्क कर लें।एडवाइजरी में साफ चेतावनी दी गई है कि अमेरिकी नागरिक अफगानिस्तान, इराक या पाकिस्तान-ईरान सीमा के रास्ते ईरान छोड़ने की कोशिश न करें, क्योंकि ये क्षेत्र अत्यंत असुरक्षित माने जा रहे हैं।
ड्यूल नागरिकों के लिए ज्यादा खतरा
अमेरिकी सरकार ने विशेष रूप से यूएस-ईरानी दोहरी नागरिकता (Dual Nationality) रखने वालों को सतर्क किया है। ईरान दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता और ऐसे लोगों को केवल ईरानी नागरिक मानता है। ऐसे नागरिकों को पूछताछ, गिरफ्तारी या हिरासत में लिए जाने का गंभीर खतरा है, खासकर अगर उनके पास अमेरिकी पासपोर्ट या अमेरिका से जुड़े दस्तावेज पाए गए।
स्थिति बिगड़ने के कारण कई अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस ने ईरान के लिए उड़ानें कम या रद्द कर दी हैं। कुछ सेवाएं 16 जनवरी तक निलंबित कर दी गई हैं, जिससे विदेशी नागरिकों के लिए देश छोड़ने के विकल्प सीमित हो गए हैं।
अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ता तनाव
यह चेतावनी ऐसे समय पर आई है जब वॉशिंगटन और तेहरान के बीच तनाव और गहरा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा है कि ईरान से व्यापार करने वाले किसी भी देश पर 25% टैरिफ लगाया जाएगा, जिससे ईरान की आर्थिक मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रहे ईरान में यह तनाव जनता के गुस्से को और भड़का रहा है।
अमेरिकी सरकार ने स्पष्ट किया है कि ईरान छोड़ने में वह प्रत्यक्ष सहायता की गारंटी नहीं दे सकती। जिन नागरिकों के लिए देश छोड़ना संभव नहीं है, उन्हें सुरक्षित स्थानों पर रहने, जरूरी सामान जमा रखने, प्रदर्शनों से दूर रहने और कम प्रोफाइल बनाए रखने की सलाह दी गई है।
स्विट्जरलैंड निभा रहा है भूमिका
गौरतलब है कि अमेरिका और ईरान के बीच 1980 से कोई राजनयिक संबंध नहीं हैं। ऐसे में तेहरान स्थित स्विस दूतावास ईरान में अमेरिकी हितों की रक्षा करने वाली 'प्रोटेक्टिंग पावर' की भूमिका निभा रहा है। ईरान में हालात तेजी से बिगड़ते नजर आ रहे हैं। अमेरिका की यह चेतावनी इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में स्थिति और ज्यादा अस्थिर हो सकती है, ऐसे में वहां मौजूद विदेशी नागरिकों के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications