'अगर आप भारतीय नहीं हैं, तो अमेरिका में नहीं बन सकते CEO', स्टैंडफोर्ड यूनिवर्सिटी में बोले US डिप्लोमेट
US Envoy Eric Garcetti's Quip At AI Summit: भारत में अमेरिका के राजदूत एरिक गार्सेटी ने मजाकिया अंदाज में कहा है, कि "अब स्थिति बदल गई है और अब कोई भी अमेरिका में तब तक सीईओ नहीं बन सकता, जब तक वह भारतीय मूल का न हो।"
एरिक गार्सेटी ने हाल ही में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में 2024 इंडियास्पोरा एआई शिखर सम्मेलन के दौरान यह बयान दिया है, जो बताता है, कि अमेरिकी कंपनियों में भारतीयों का कितना बोलबाला है।

अमेरिका के राजदूत ने क्या कहा
एरिक गार्सेटी ने कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, कि "काफी सफलताएँ मिली हैं, फॉर्च्यून 500 कंपनियों के हर 10 सीईओ में से आपको एक CEO भारतीय मूल के मिलेंगे, जिन्होंने अमेरिका में अध्ययन किया है। पुराना मजाक यह था, कि यदि आप भारतीय होते तो आप अमेरिका में सीईओ नहीं बन सकते थे, लेकिन अब अमेरिका में नया मजाक यह है, कि यदि आप भारतीय नहीं हैं, तो आप अमेरिका में सीईओ नहीं बन सकते, चाहे वह गूगल हो, माइक्रोसॉफ्ट हो या स्टारबक्स, भारत के लोगों ने आकर इतना बड़ा अंतर तैयार किया है।"
आपको बता दें, कि गूगल और उसके मूल संगठन अल्फाबेट इंक के CEO सुंदर पिचाई हैं, जो भारतीय मूल के हैं और जिन्होंने IIT में पढ़ाई की है। वहीं, माइक्रोसॉफ्ट के CEO सत्या नडेला भारतीय मूल के हैं, जबकि दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनी स्टारबक्स के CEO लक्ष्मण नरसिम्हन भी भारतीय मूल के हैं।
इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले कई भारतीय मूल के व्यापारिक नेता, अमेरिकी राजदूत गार्सेटी की बातों से सहमत थे और उन्होंने भारत को नवाचार और प्रगति के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया।
इंफॉर्मेटिका के सीईओ अमित वालिया ने कहा, कि "वैश्विक क्षेत्र में भारत को बहुत अलग ढंग से देखा जाता है। यह नवप्रवर्तन का स्थान है। यह मानव पूंजी का स्थान है। यह प्रगति और नवीनता का स्थान है। और जैसा कि हम आगे देखते हैं, मोदी जो करने में सक्षम हैं, उसने भारत को एक विश्वसनीय नवप्रवर्तक, सभी देशों के निवेश और विकास के लिए अग्रणी देश के रूप में वैश्विक मानचित्र पर भारत को स्थापित किया है।"
सर्च पावर्ड सोल्यूशन प्रदान करने वाली डेटा एनालिटिक्स कंपनी इलास्टिक के सीईओ, ऐश कुलकर्णी ने कहा, कि पीएम मोदी और उनकी सरकार नवाचार और उद्योग के लिए खुले हैं, जिससे भारत की प्रगति की विशाल क्षमता को बल मिलता है, जबकि मेफील्ड फंड के नवीन चड्ढा ने कहा, कि पीएम मोदी के नेतृत्व ने भारत के लिए एक "अद्भुत" युग की शुरुआत हुई है।
राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू ने भी वैश्विक तकनीकी दिग्गजों के साथ इंडियास्पोरा एआई शिखर सम्मेलन में भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications