US Election 2024: सर्वे में अमेरिकी अरब मुस्लिमों ने कमला हैरिस को दिया झटका, गाजा जंग से ट्रंप को भारी फायदा
US Election 2024: अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले काफी कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। हालांकि, सट्टा बाजारों के अनुमानों में डोनाल्ड ट्रंप, कमला हैरिस से काफी आगे निकल गये हैं, लेकिन अमेरिका के अलग अलग न्यूज चैनलों और एजेंसियों के सर्वे में कांटे की टक्कर देखी गई है।
वहीं, एक नए सर्वेक्षण के अनुसार, संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रपति पद की दौड़ के अंतिम चरण में प्रवेश करने के साथ ही अरब अमेरिकियों के बीच डोनाल्ड ट्रंप, कमला हैरिस से मामूली अंतर से आगे निकल गये हैं। यह इस बात का संकेत है, कि गाजा में युद्ध के कारण अमेरिका के एक महत्वपूर्ण स्विंग स्टेट में, जहां अरब मतदाताओं का दबदबा है, वहां डेमोक्रेटिक पार्टी के लिए समर्थन काफी कम हो गया है।

अरब वोटरों में कमला हैरिस को लेकर गुस्सा
सोमवार को जारी Arab News/YouGov सर्वेक्षण के मुताबिक, अरब मतदाताओं के बीच गाजा युद्ध को रोकने में नाकाम रहने वाले बाइडेन प्रशासन के खिलाफ गुस्सा देखा जा रहा है और अब, जबकि इलेक्शन में दो हफ्ते से भी कम का वक्त बचा है, उस वक्त इस गुस्से का असर बैलेट पेपर पर पड़ने की संभावना ज्यादा बन गई है। ताजा सर्वे से पता चला है, कि अरब वोटरों के बीच डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन बढ़कर 45 प्रतिशत हो गया है, जबकि कमला हैरिस का समर्थन 43 प्रतिशत है।
सर्वेक्षण के मुताबिक, रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को लेकर अरब मतदाताओं को उम्मीद है, कि वो इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष को सफलतापूर्वक खत्म करवा सकते हैं और इस सवाल पर उन्हें ज्यादा समर्थन मिल रहा है। सर्वे में पता चला है, कि इस सवाल पर डोनाल्ड ट्रंप को 39 प्रतिशत समर्थन मिल रहा है, जबकि कमला हैरिस को 33 प्रतिशत समर्थन मिल रहा है।
इस सवाल पर कि मध्य पूर्व के लिए "सामान्य रूप से" कौन बेहतर होगा, डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस, 38-38 प्रतिशत वोटों के साथ बराबरी पर हैं।
वहीं यह पूछे जाने पर, कि अरब-अमेरिकी समुदाय के लिए सबसे बड़ी चिंता के मुद्दे कौन से हैं, 29 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने इजराइल-फिलिस्तीन संघर्ष को चुना, जबकि 21 प्रतिशत ने अर्थव्यवस्था और जीवन यापन की लागत को चुना और 13 प्रतिशत ने नस्लवाद और भेदभाव को चुना।
हालांकि, सर्वेक्षण में एक और दिलचस्प बात ये निकलकर सामने आई है, कि 6 प्रतिशत ज्यादा अरब-अमेरिकियों का मानना है, कि डोनाल्ड ट्रंप, कमला हैरिस के मुकाबले इजराइल के साथ ज्यादा मजबूती से समर्थन कर रहे हैं, बावजूद वो वोट, ट्रंप के लिए करने की बात कह रहे हैं।
ये सर्वेक्षण 500 अरब अमेरिकियों के बीच करवाए गये हैं, जिसमें त्रुटि सीमा प्लस या माइनस 5.93 प्रतिशत के भीतर हैं।
यह सर्वेक्षण डेमोक्रेट्स के लिए बड़ी चेतावनी है, कि राष्ट्रपति जो बाइडेन का गाजा में इजराइल के युद्ध के लिए समर्थन 5 नवंबर के मतदान से पहले उनके उप-राष्ट्रपति कमला हैरिस के चुनावी अभियान को खतरे में डाल सकता है।
इस महीने की शुरुआत में अरब अमेरिकी संस्थान द्वारा जारी एक सर्वेक्षण में, डोनाल्ड ट्रंप और कमला हैरिस क्रमशः 42 प्रतिशत और 41 प्रतिशत पर बराबर थे।
सर्वेक्षण में अरब अमेरिकियों के बीच हैरिस का समर्थन स्तर 2020 में बाइडेन की तुलना में 18 अंक नीचे हो गया है।

कमला हैरिस को कितना हो सकता है नुकसान?
अरब मतदाताओं की अच्छी खासी संख्या स्विंग स्टेट में है, जहां किसी उम्मीदवार की तकदीर का फैसला होता है। मिशिगन, जो एक स्विंग स्टेट है, वहां अरब मतदाताओं का प्रभाव है और ऐसी संभावना है, कि स्विंग स्टेट में, जहां एक प्रतिशत से भी कम वोट में जीत-हार का फैसला होता है, वहां अरब मुस्लिम मतदाता अहम भूमिका निभा सकते हैं।
मिशिगन, उत्तरी अमेरिका का मध्यपश्चिमी राज्य है और ये अरब अमेरिकियों की सबसे बड़ी संख्या का घर है और यहां, पहला अरब-बहुल अमेरिकी शहर डियरबॉर्न है। सितंबर में, मिशिगन के हैमट्रैक के मेयर, जो कि पूरी तरह से मुस्लिम सरकार वाला पहला अमेरिकी शहर है, उन्होंने ट्रंप का समर्थन करने का ऐलान किया था और रिपब्लिकन उम्मीदवार को "सिद्धांतों वाला आदमी" और "सही विकल्प" बताया था।
2020 राष्ट्रपति चुनाव में बाइडेन ने मिशिगन में लगभग 150,000 वोटों से जीत हासिल की थी, जबकि ट्रम्प ने 2016 में सिर्फ 11,000 वोटों से इस राज्य को जीता था, लिहाजा समझा जा सकता है, कि ये मुकाबला कितना कड़ा होता है।
सोमवार को मुस्लिम और अरब अमेरिकी मतदाताओं से सीधी अपील में, डोनाल्ड ट्रंप ने मिशिगन, पेंसिल्वेनिया और विस्कॉन्सिन जैसे स्विंग स्टेट में रिपब्लिकन पार्टी की पूर्व महिला सांसद लिज चेनी, जो पूर्व उपराष्ट्रपति डिक चेनी की बेटी के साथ प्रचार करने के लिए कमला हैरिस पर निशाना साधा।
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा, "अगर कमला को चार और साल मिलते हैं, तो मध्य पूर्व अगले चार दशक आग की लपटों में जलता रहेगा, और आपके बच्चे युद्ध में चले जाएंगे, शायद तीसरा विश्व युद्ध भी हो जाए, और ऐसा कुछ, राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रम्प के रहते कभी नहीं होगा।"
उन्होंने कहा, कि "हमारे देश और आपके बच्चों के लिए, शांति के लिए ट्रंप को वोट दें!"
मुसलमानों तक अपनी पहुंच के बावजूद, ट्रंप ने खुद को इतिहास में सबसे ज्यादाइज़राइल समर्थक अमेरिकी नेता के रूप में पेश किया है और दावा किया है, कि अगर वह फिर से नहीं चुने गए, तो इजराइल का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications