रोड एक्सीडेंट में शामिल अमेरिकी डिप्लोमेट ने छोड़ा पाकिस्तान
इस्लामाबाद। पिछले सप्ताह पाकिस्तान ने अपने यहां अमेरिकी राजदूत के लिए ट्रैवलिंग प्रतिबंध लगाए थे, इस बीच खबर है कि पाकिस्तान से अमेरिकी राजदूत स्पेशल प्लेन से अपने देश पहुंच गए हैं। पाकिस्तान न्यूजपेपर द ट्रिब्यून के मुताबिक, पाकिस्तान सरकार ने ही सोमवार को डिप्लोमेट कर्नल जोसेफ इमैनुएल हॉल को उनके देश अमेरिका जाने की इजाजत दी। बता दें कि ये वो ही डिप्लोमेट है, जिन्होंने पिछले माह अप्रैल में इस्लामाबाद में रेड सिग्नल क्रॉस कर एक बाइक को टक्कर मार दी थी। इस घटना में एक 22 साल के शख्स की मौत भी हुई थी, तभी से दोनों देशों के बीच डिप्लोमेटिक तनाव बढ़ा है।

अमेरिका ने भी कन्फर्म किया है कि हाईकोर्ट के आदेश के बाद इस्लामाबाद से उनके डिप्लोमेट जोसेफ ने उड़ान भरी। पिछले माह 7 अप्रैल को रेड लाइट को तोड़ते हुए एक बाइक को टक्कर मार दी थी, जिसमें 22 साल के आतिक बैग नाम के एक शख्स की मौत हो गई थी। इस घटना के कुछ हफ्तों अमेरिकी डिप्लोमेट ने एक और व्हीकल को टक्कर मार दी थी, जिसमें बाइक सवार को मामूली चोटें आई थी।
सड़क दुर्घटना में आतिक की मौत होने के बाद कर्नल जोसेफ के खिलाफ कोहसर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, उन्हें कभी गिरफ्तार नहीं किया गया। हादसे में मारे गए युवक के पिता ने जोसेफ के खिलाफ इस्लामाबाद हाईकोर्ट में गुहार लगाई थी। सुनवाई के दौरान जस्टिस आमेर फारुख ने कहा कि था जोसेफ के पास ऐसे कोई अधिकार नहीं हैं, जिनसे वे कानून से बच सकें।
इसके अलावा कोर्ट ने गृह मंत्रालय को आदेश दिया था कि वह 2 हफ्ते में एग्जिट कंट्रोल लिस्ट (देश से बाहर जाने वाले लोगों पर निगरानी रखने वाली सूची) में जोसेफ का नाम रखने पर विचार करें। मंत्रालय ने 24 अप्रैल को कोर्ट को यह जानकारी दी थी कि हॉल को अप्रवासन निदेशालय की ब्लैक लिस्ट में शामिल कर लिया गया। इस घटना के बाद अमेरिका और पाकिस्तान के बीच लगातार टकराव बढ़ रहा है। हाल में अमेरिका ने पाकिस्तान के राजनयिकों पर यात्रा संबंधी प्रतिबंध लगाए थे। इसके बाद पलटवार करते हुए पाकिस्तान ने भी अमेरिकी राजनयिकों पर कई प्रकार के प्रतिबंध लगा दिए।












Click it and Unblock the Notifications