विदेश मंत्री जयशंकर से मुलाकात के बाद US को हुआ विश्वास, पन्नून की हत्या की साजिश की जांच के लिए बनाई गई कमेटी
India-US News: अमेरिका के प्रिंसिपल डिप्टी नेशनल सिक्योरिटी एडवाइजर (डिप्टी-एनएसए) जॉन फाइनर ने सोमवार को तीन शीर्ष भारतीय अधिकारियों से मुलाकात के बाद स्वीकार किया है, कि सिख चरमपंथी गुरपतवंत सिंह पन्नून की हत्या की कथित साजिश की जांच के लिए भारत सरकार की तरफ से एक जांच समिति की स्थापना की गई है।
फाइनर ने सोमवार को भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर से मुलाकात की थी और दोनों की मुलाकात उस वक्त हुई है, जब अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने एक अभियोग लगाया है, जिसमें खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नून की कथित हत्या की साजिश रचने के लिए निखिल गुप्ता नाम के एक भारतीय नागरिक पर आरोप लगाया गया है और कहा गया है, कि गुप्ता को भारत में बैठे एक अधिकारी से डायरेक्शन मिल रहा था।

अमेरिकी अधिकारी की यात्रा के बाद व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है, कि "फाइनर ने संयुक्त राज्य अमेरिका में घातक साजिश की जांच के लिए भारत द्वारा जांच समिति की स्थापना और जिम्मेदार पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को जवाबदेह ठहराने के महत्व को स्वीकार किया है।"
दिल्ली में रहते हुए फाइनर ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर, एनएसए अजीत डोभाल और विदेश सचिव विनय क्वात्रा के साथ बैठकें कीं हैं।
आपको बता दें, कि अमेरिकी अभियोग का खुलासा होने के फौरन बाद, भारत ने पिछले सप्ताह मामले को "चिंता का विषय" बताया था और कहा था, कि वह एक जांच समिति के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक फॉलोअप कार्रवाई करेगा।
जून में ब्रिटिश कोलंबिया में सिख चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों के शामिल होने के आरोपों पर भारत और कनाडा के बीच राजनयिक विवाद के बीच यह बात सामने आई है।
पिछले हफ्ते, अमेरिकी संघीय अभियोजकों ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता पर दिल्ली में बैठे एक भारतीय सरकारी कर्मचारी के साथ मिलकर पन्नुन की हत्या की नाकाम साजिश रचने का आरोप लगाया था। गुप्ता को चेक अधिकारियों ने जून में गिरफ्तार किया था और पिछले महीने उन्हें अमेरिका को सौंप दिया गया था।
रिपोर्टों के अनुसार, पन्नून के खिलाफ नाकाम की गई "हत्या की साजिश" का मामला अभियोग खुलने से महीनों पहले शीर्ष अमेरिकी सुरक्षा अधिकारियों ने अपने भारतीय समकक्षों के साथ उठाया था। केंद्रीय खुफिया एजेंसी के निदेशक विलियम जे. बर्न्स और राष्ट्रीय खुफिया निदेशक एवरिल हेन्स ने जांच की मांग के लिए क्रमशः अगस्त और अक्टूबर में भारत की यात्रा की थी।
आतंकी पन्नून को अमेरिका में संरक्षण
सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) का संस्थापक पन्नून, भारत में एक वांटेड आतंकवादी है। एसएफजे को 2019 से भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। पन्नून ने पिछले महीने सिखों से 19 नवंबर को एयर इंडिया में उड़ान नहीं भरने की धमकी दी थी, जो पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की जयंती है, जिनकी स्वर्ण मंदिर में ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद 1984 में हत्या कर दी गई थी।
भारत में रहते हुए, फाइनर ने सोमवार को अपने भारतीय समकक्ष विक्रम मिस्री के साथ क्रिटिकल एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज (आईसीईटी) पर भारत-अमेरिका पहल की पहली व्यापक मध्यावधि समीक्षा भी की।
विदेश मंत्रालय (एमईए) ने उनकी बैठक के बाद कहा, कि "परामर्श के दौरान, दोनों डिप्टी एनएसए ने प्रमुख द्विपक्षीय मुद्दों की समीक्षा की और क्षेत्रीय और वैश्विक विकास पर विचारों का आदान-प्रदान किया।"
फाइनर ने विदेश मंत्रालय और थिंक टैंक कार्नेगी इंडिया द्वारा आयोजित वैश्विक प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन में भी संक्षिप्त रूप से भाग लिया। कार्यक्रम में, उन्होंने टिप्पणी की, कि भारत और अमेरिका बड़े सहकारी एजेंडे को "पटरी से हटाए बिना" मतभेदों को "समाप्त" कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications