38 चेन,10 अंगूठियां,11 करोड़ का सोना पहनने वाले गोल्डमैन ने क्यों बंद की खरीदारी? दान करने को तैयार पूरा गोल्ड
Goldman Prem Singh: सोने के गहने पहनकर पहचान बनाने वाले बिहार के चर्चित 'गोल्डमैन' प्रेम सिंह एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनके शरीर पर मौजूद करोड़ों रुपये का सोना नहीं, बल्कि उसे लेकर लिया गया एक बड़ा फैसला है। प्रेम सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद उन्होंने नया सोना खरीदना पूरी तरह बंद कर दिया है।
इतना ही नहीं, अगर देशहित में प्रधानमंत्री या बिहार सरकार उनसे कहे, तो वे अपने शरीर पर मौजूद पूरा सोना भी दान करने को तैयार हैं। प्रेम सिंह का कहना है कि देश सबसे पहले है और उसके लिए वे कोई भी त्याग कर सकते हैं। उनके इस बयान की चर्चा बिहार से लेकर सोशल मीडिया तक हो रही है।

6.3 किलो सोना पहनते हैं प्रेम सिंह
भोजपुर जिले के रहने वाले प्रेम सिंह अपने शरीर पर करीब 6 किलो 300 ग्राम सोना पहनते हैं। उनके मुताबिक इस सोने की मौजूदा बाजार कीमत 11 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है। वे रोजाना यही सोना पहनकर घर से निकलते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी इसी अंदाज में नजर आते हैं।
ये भी पढ़ें: Delhi के बाद बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, प्रसाद हॉस्पिटल में आग लगने से 4 मरीजों की मौत, कई घायल
देशहित में दान करने को तैयार
प्रेम सिंह ने कहा कि अगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी देश और राज्य के हित में उनसे सोना दान करने की अपील करेंगे, तो वे बिना किसी हिचकिचाहट के ऐसा करेंगे। उनका कहना है कि उनके लिए देश का हित सबसे ऊपर है।
भोजपुर के रहने वाले हैं 'गोल्डमैन'
प्रेम सिंह बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के वासुदेवपुर गांव के निवासी हैं। इलाके में लोग उन्हें 'गोल्डमैन ऑफ बिहार' के नाम से जानते हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वे एक साल तक सोने की खरीदारी से बचें और प्रधानमंत्री की बात का समर्थन करें।
17 साल से खरीद रहे थे सोना
48 वर्षीय प्रेम सिंह ने बताया कि उन्होंने करीब 17 साल पहले सोना खरीदना शुरू किया था। उस समय सोने की कीमत आज की तुलना में काफी कम थी। लगातार कई सालों तक सोना खरीदने के बाद उन्होंने इसे पहनना भी शुरू कर दिया। उनका कहना है कि जब बिहार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई और लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा, तब वे खुले तौर पर सोने के गहने पहनकर कार्यक्रमों में जाने लगे।
शरीर पर क्या-क्या पहनते हैं?
प्रेम सिंह के मुताबिक वे हमेशा 38 सोने की चेन, 10 अंगूठियां, तीन ब्रेसलेट और एक खास सोने की पट्टी पहनते हैं, जिस पर 'गोल्ड मैन ऑफ बिहार' लिखा हुआ है। उन्होंने बताया कि इन सभी गहनों को पहनने में एक घंटे से ज्यादा समय लग जाता है। हालांकि उन्हें उतारने में भी लगभग उतना ही समय लगता है।
लोगों से की खास अपील
प्रेम सिंह ने कहा कि अगर देशवासी एक साल तक सोने की खरीदारी नहीं करें, तो इसका सकारात्मक असर देश की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करने और देशहित को प्राथमिकता देने की बात कही।
ये भी पढ़ें: 5 देशरत्न मार्ग अब 1 अणे मार्ग का हिस्सा नहीं बनेगा, राबड़ी विवाद के बीच CM सम्राट चौधरी का बड़ा फैसला












Click it and Unblock the Notifications