US China Trade War: ट्रंप के 104% टैक्स पर चीन का करारा जवाब, लगाया 84 प्रतिशत का Tariff
US China Trade War: अमेरिका और चीन के बीच अब टैरिफ वॉर शुरू हो गई है, जो थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन पर 104% का टैरिफ लगाने का ऐलान किया था, जिसकी पुष्टि व्हाइट हाउस की तरफ से की गई थी। वहीं, अब ट्रंप के 104% टैरिफ के जवाब में चीन ने अमेरिका पर 84% का टैरिफ लगाने की घोषणा कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन ने घोषणा की कि वह गुरुवार 10 अप्रैल से अमेरिकी वस्तुओं पर 84 प्रतिशत तक टैरिफ लागू होगा। इससे पहले चीन ने अमेरिकी उत्पादों पर 34 फीसदी टैरिफ लगाने की बात कही थी। लेकिन, अब इसे बढ़ाकर 84 प्रतिशत कर दिया गया है। चीन के इस ऐलान के बाद अमेरिकी स्टॉक इंडेक्स फ्यूचर्स में भी तेज गिरावट देखी गई है।

चीन पर आज से लागू होगा बढ़ा हुआ टैरिफ
खबर के मुताबिक, ट्रंप सरकार द्वारा 180 देशों पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ आज यानी बुधवार 09 अप्रैल से लागू हो गए हैं। इनमें चीनी वस्तुओं पर लगाया गया भारी शुल्क भी शामिल है। बता दें कि अमेरिका द्वारा 02 अप्रैल को चीन समेत 180 देशों पर टैरिफ लगाया गया था, इसके जवाब में चीन ने भी अमेरिका पर टैरिफ लगा दिया था।
ट्रंप ने दी थी चीन को चेतावनी
चीन द्वारा टैरिफ लगाए जाने के बाद ट्रंप ने चीन तो चेतावनी देते हुए दो टूक कहा था कि अगर चीन 8 अप्रैल तक अमेरिका पर लगाए टैरिफ को नहीं हटाता है तो उसे इसका खामियाजा उठाना पड़ेगा। ट्रंप ने कहा था कि चीन पर अतिरिक्त 50 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा। इस बारे में कोई बातचीत भी नहीं होगी।
चीन ने ट्रंप के सामने झुकने से किया इनकार
ट्रंप की इस धमकी के आगे चीन ने झुकने से साफ इनकार कर दिया। चीन ने कहा थ कि हम ट्रेड वॉर का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। वहीं, व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने चीन द्वारा अमेरिका पर टैरिफ लगाने को एक बड़ी गलती बताया है। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका पर हमला होता है तो वह और भी जोरदार तरीके से पलटवार करना है।
ये भी पढ़ें: US China Trade War: ट्रंप का चीन पर बड़ा हमला, आज से ड्रैगन पर लागू 104% Tariff! जानें क्या होगा US को फायदा?












Click it and Unblock the Notifications